भारत ने जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया, प्रतिका रावल का नाबाद सैकड़ा
जितना ज्यादा बल्लेबाजी करती हूं, उतना आत्मविश्वास बढ़ता है
खेलपथ संवाद
वडोदरा। भारतीय महिला टीम ने टी20 सीरीज के बाद वनडे में भी अपना दबदबा कायम रखा है। शुक्रवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पहले जिम्बाब्वे को 197 रन पर समेटा और फिर प्रतिका रावल की नाबाद शतकीय पारी के दम पर टीम को शानदार जीत दिलाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 49.5 ओवर में 197 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं, क्रांति गौड़ ने 42 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा को दो सफलताएं मिलीं। जिम्बाब्वे की ओर से बिलव्ड बिजा ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। उन्होंने 92 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए और एक छोर संभालकर भारतीय गेंदबाजों का मुकाबला किया। भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन के बावजूद फील्डिंग में टीम कुछ मौकों पर कमजोर नजर आई।
198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने शानदार शतक जड़ते हुए नाबाद पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। इस दौरान पहले विकेट के लिए उन्होंने कप्तान स्मृति मंधाना के साथ 94 रनों की साझेदारी निभाई। मंधाना 32 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद प्रतिका को शेफाली वर्मा का साथ मिला। शेफाली भी शानदार फॉर्म में नजर आईं और 64 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 27.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज नौ विकेट की शानदार जीत के साथ किया। इस जीत की नायिका रहीं प्रतिका रावल, जिन्होंने नाबाद शतक जड़कर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया। प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं प्रतिका ने अपनी पारी, बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और चोटों से वापसी को लेकर अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज के तौर पर कभी भी संतुष्ट नहीं हुआ जा सकता और जितनी ज्यादा बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है, उतना ही आत्मविश्वास बढ़ता है।
प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद प्रतिका ने कहा कि टीम की जीत में रन योगदान देकर उन्हें काफी खुशी हुई। उन्होंने कहा, 'आज का दिन काफी अच्छा रहा। जब आप रन बनाकर टीम की जीत में योगदान देते हैं, तो अच्छा लगता है। रन बनाना हमेशा अच्छा होता है और मुझे क्रीज पर रहकर जितना संभव हो, उतनी बल्लेबाजी करना पसंद है।' अपनी शतकीय पारी का विश्लेषण करते हुए प्रतिका ने माना कि बल्लेबाज के तौर पर उनके लिए सीखने की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उनकी पारी में कुछ ऐसे शॉट भी थे, जिनसे वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं थीं।
प्रतिका के मुताबिक, 'एक बल्लेबाज के तौर पर आप कभी संतुष्ट नहीं हो सकते और यही इस खेल की खूबसूरती है। जब भी आप बल्लेबाजी करने उतरते हैं या कोई मैच खेलते हैं, तो कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। मुझे लगता है कि मैं जितनी ज्यादा बल्लेबाजी करती हूं, उतना ही मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है।'
उन्होंने आगे कहा कि यह उन दिनों में से एक था, जब गेंद ठीक उसी दिशा में जा रही थी, जहां वह उसे खेलना चाहती थीं। जब गेंद बल्ले के बीच में अच्छी तरह लगती है, तो आत्मविश्वास बढ़ता है और दिमाग में ज्यादा विचार नहीं आते। इससे बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। प्रतिका ने कहा कि उनके लिए यह दिन अच्छा रहा और पारी का अंत भी शानदार तरीके से हुआ।
पहली वनडे सेंचुरी की सालगिरह पर फिर जड़ा शतक
प्रतिका रावल के लिए यह शतक इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपना पहला वनडे शतक भी इसी तारीख को लगाया था। उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी के लिए उतरने से पहले टीम के सदस्यों ने टीवी पर भारत और न्यूजीलैंड का मैच देखा था। इसी दौरान उन्हें याद आया कि इसी दिन उन्होंने अपना पहला वनडे शतक बनाया था।
प्रतिका ने कहा, 'हम बल्लेबाजी करने जाने वाले थे, तभी हमने टीवी पर भारत और न्यूजीलैंड का मैच देखा। उस दौरान बातचीत हुई कि आज ही के दिन मैंने अपना पहला वनडे शतक लगाया था। इसलिए मैं बहुत खुश हूं। इससे अच्छी यादें ताजा हो गईं और उसी तारीख को दोबारा शतक बना पाना वाकई शानदार है।' इस तरह प्रतिका ने अपने वनडे करियर का तीसरा शतक जड़ते हुए न सिर्फ भारत को जीत दिलाई, बल्कि अपने लिए भी इस दिन को यादगार बना दिया।
प्रतिका ने चोटों से निपटने और वापसी के दौरान मानसिक मजबूती बनाए रखने को लेकर भी अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि वह मुश्किल परिस्थितियों में चीजों को सरल रखने की कोशिश करती हैं और सबसे पहले यह स्वीकार करती हैं कि कुछ चीजें उनके नियंत्रण में नहीं होतीं।
उन्होंने कहा, 'मैं चीजों को सरल रखने की कोशिश करती हूं। सबसे पहले यह स्वीकार करना जरूरी है कि यह मेरे हाथ में नहीं है। चोट खेल का हिस्सा हैं। जो चीज आपके हाथ में नहीं है, उसके लिए आप बहुत कुछ नहीं कर सकते। ऐसे में उसकी चिंता क्यों करें और तनाव क्यों लें?' प्रतिका ने यह भी कहा कि उनके आसपास अच्छे लोग हैं, जो मुश्किल समय में उनका हौसला बढ़ाते रहते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उनके मुताबिक, मैदान पर दोबारा लौटना और टीम के लिए योगदान देना हमेशा अच्छा लगता है।
