संस्कारधानी जबलपुर में आईओए अध्यक्ष पी.टी. ऊषा सम्मानित

खेल संगठन पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने किया अभिनंदन

खेलपथ संवाद

जबलपुर। भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद पद्मश्री डॉ. पी.टी. ऊषा के जबलपुर आगमन पर खेल जगत में उत्साह का माहौल रहा। 23 अक्टूबर को डुमना एयरपोर्ट पर मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। इसके बाद नर्मदा जैक्सन होटल में आयोजित अभिनंदन समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उनका सम्मान किया।

समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष अखिलेश जैन और संजय सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ की ओर से पी.टी. ऊषा को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने पी.टी. ऊषा के खेल जीवन, अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और भारतीय एथलेटिक्स में उनके योगदान का उल्लेख किया। उनके खेल करियर की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा गया कि उनका सफर देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने सम्बोधन में जबलपुर की खेल गतिविधियों और उपलब्ध खेल अधोसंरचना का उल्लेख किया। उन्होंने पी.टी. ऊषा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और समर्पण खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने भी उनके खेल जीवन और भारतीय खेलों में योगदान पर विचार रखे।

पी.टी. ऊषा ने एथलेटिक्स में अपनी उपलब्धियों से देश को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और बाद में भारतीय ओलम्पिक संघ के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली। उनका खेल जीवन अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर संघर्ष की मिसाल माना जाता है। जबलपुर में आयोजित यह अभिनंदन समारोह उनकी खेल उपलब्धियों के साथ भारतीय खेलों के विकास में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर बना।

शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न से सम्मान

अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ की ओर से पी.टी. ऊषा को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभागार में मौजूद खेल संघों के प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में शहर के खेल जगत की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। समारोह में मध्यप्रदेश बॉक्सिंग संघ के वीरेन्द्र ठाकुर, खो-खो संघ के सचिव संजय यादव, हॉकी संघ के सचिव अहमद, नितिन दिमोले, लोकबहादुर और शिशिर तिवारी सहित विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशीला लखेरा ने किया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स