मध्यप्रदेश को नहीं अपनी बेटी नेहा सिंह की पहचान

एकलव्य पुरस्कार विजेता बेटी को अपने ही प्रदेश में अवसर का इंतजार

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं को दूसरे राज्यों में पहचान और सम्मान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है, लेकिन जब अपनी ही प्रतिभाओं को अपने यहां उचित अवसर और जिम्मेदारी नहीं मिलती तो यह खेल व्यवस्था के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा करता है। ऐसी ही प्रतिभाशाली हॉकी प्रशिक्षक हैं मध्यप्रदेश की एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कुमारी नेहा सिंह।

एनआईएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) से प्रशिक्षित नेहा सिंह वर्तमान में प्रतिष्ठित नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर (झारखंड) में हॉकी प्रशिक्षक के रूप में शानदार कार्य कर रही हैं। उनकी खेल उपलब्धियों, तकनीकी योग्यता और प्रशिक्षण क्षमता को ओडिशा जैसे हॉकी के प्रति समर्पित राज्य में पहचान मिलना मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह इस बात का प्रमाण भी है कि प्रदेश की बेटियों में राष्ट्रीय स्तर पर खेलों को नई दिशा देने की क्षमता मौजूद है।

झारखंड ने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय हॉकी को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य सरकार का हॉकी के प्रति समर्पण, मुख्यमंत्री का समर्थन भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम रहा है। ऐसे खेल वातावरण में नेहा सिंह को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का अवसर मिलना उनके हुनर की पहचान है।

लेकिन सवाल मध्यप्रदेश की खेल व्यवस्था से भी है। जिस प्रदेश ने नेहा सिंह को एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया, उसी प्रदेश की महिला हॉकी अकादमी में उनकी प्रशिक्षकीय सेवाओं का लाभ क्यों नहीं लिया जा रहा? क्या मध्यप्रदेश में योग्य महिला हॉकी प्रशिक्षकों की पहचान और उन्हें जिम्मेदारी देने की कोई प्रभावी नीति है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'वोकल फॉर लोकल' का संदेश स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रेरणा देता है। खेलों में भी इस सोच को जमीन पर उतारने की जरूरत है। मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी में नेहा सिंह जैसी योग्य, अनुभवी और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी प्रशिक्षक को अवसर दिया जाना चाहिए। इससे प्रदेश की युवा हॉकी खिलाड़ियों को अपनी ही मिट्टी की एक सफल खिलाड़ी से सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

नेहा सिंह की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा का सम्मान है। जरूरत इस बात की है कि प्रदेश अपनी प्रतिभाओं को दूसरे राज्यों में पहचान मिलने के बाद ही महत्व न दे, बल्कि उनके हुनर को समय रहते पहचाने और उचित जिम्मेदारी सौंपे। प्रतिभाएं मध्यप्रदेश में हैं, उन्हें पहचानने और अवसर देने की इच्छाशक्ति भी यहीं विकसित होनी चाहिए। आखिर अपनी बेटी की काबिलियत का लाभ अपना प्रदेश कब उठाएगा?

रिलेटेड पोस्ट्स