डीपीएस बर्रा में तीरंदाजों ने साधा अचूक निशाना, 256 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

30 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

डीपीएस किदवई नगर बना ओवरऑल चैम्पियन, जीडी गोयनका रहा उपविजेता

खेलपथ संवाद

कानपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बर्रा में अंतर्विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शहर के 30 विद्यालयों के लगभग ढाई सौ छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और अपनी निशानेबाजी, एकाग्रता एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, किदवई नगर ने ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक आलोक मिश्रा एवं कानपुर तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भारत अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों, विद्यालय की प्रधानाचार्या जयंती मित्रा एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा और खेल दोनों का समान महत्व है। शिक्षा जहां ज्ञान एवं संस्कार प्रदान करती है, वहीं खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में डीपीएस आजाद नगर, डीपीएस किदवई नगर, डीपीएस बर्रा, डीपीएस सर्वोदय नगर, दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, मंटोरा पब्लिक स्कूल, गौरव इंटरनेशनल स्कूल, एमएस इंटरनेशनल स्कूल, प्रताप इंटरनेशनल स्कूल, विजडम वुड स्कूल, प्रयाग अकादमी, एलन हाउस रूमा, एलन हाउस पनकी, स्वराज इंडिया और साउथ सिटी पब्लिक स्कूल सहित 30 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

मैदान में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने लक्ष्य पर सटीक निशाना साधने के लिए पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना हुनर दिखाया।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे—

कक्षा 3 से 5 बालक वर्ग: डीपीएस किदवई नगर प्रथम, सनशाइन पब्लिक स्कूल द्वितीय तथा एमएस लाल बंगला तृतीय स्थान पर रहा।

कक्षा 3 से 5 बालिका वर्ग: डीपीएस सर्वोदय नगर प्रथम, केपीवाई द्वितीय तथा महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर तृतीय स्थान पर रहा।

कक्षा 6 से 8 बालक वर्ग: साउथ सिटी पब्लिक स्कूल प्रथम, प्रयाग अकादमी स्कूल द्वितीय तथा विजडम वुड पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।

कक्षा 6 से 8 बालिका वर्ग: अनुज किशोरी दुबे मेमोरियल प्रथम, एलन हाउस रूमा द्वितीय तथा डीपीएस आजाद नगर तृतीय स्थान पर रहा।

कक्षा 9 से 12 बालक वर्ग: दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन प्रथम तथा जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।

कक्षा 9 से 12 बालिका वर्ग: गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल प्रथम तथा डीपीएस बर्रा द्वितीय स्थान पर रहा।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्या जयंती मित्रा ने सभी अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

रिलेटेड पोस्ट्स