योगासन में 500 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

आरएनटीयू में तीन दिवसीय प्रदेशस्तरीय चैम्पियनशिप सम्पन्न

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

खेलपथ संवाद

भोपाल। योगासन अब केवल स्वास्थ्य और शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। इसी क्रम में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) और मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सातवीं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का सफल समापन हुआ। तीन दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने योग कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में 14 से 55 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा दिखाई। मुकाबले ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर श्रेणियों में आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने कठिन योगासनों के माध्यम से शारीरिक संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता और अनुशासन का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के परिणामों में ट्रेडिशनल योगासन महिला सीनियर-सी (45 से 55 वर्ष) वर्ग में रतलाम की मनीषा धनेरिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। भोपाल की यशोधरा राउत द्वितीय और शहडोल की कल्पना द्विवेदी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, ट्रेडिशनल योगासन महिला जूनियर वर्ग में जबलपुर की मैथिली मटोलिया ने पहला स्थान प्राप्त किया। इंदौर की आयुषी संजय खाकरे दूसरे और अनामिका मनोज बरेठा तीसरे स्थान पर रहीं।

इसी तरह आर्टिस्टिक सिंगल पुरुष जूनियर वर्ग में राज रजोले ने प्रथम, भुमन रैकवार ने द्वितीय और शिवा पाटे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित खेल नियमों एवं मानकों के आधार पर किया गया। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में योगासन को प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में बढ़ावा देना, युवाओं को खेल के इस नए क्षेत्र से जोड़ना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन ने योगासन खेल की बढ़ती लोकप्रियता को भी रेखांकित किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर.पी. दुबे ने कहा कि योगासन केवल शारीरिक क्षमता विकसित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे मानसिक एकाग्रता, आत्मअनुशासन और सकारात्मक सोच को भी मजबूती मिलती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ खेल और योग को भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

समापन समारोह में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रमुख वेद प्रकाश शर्मा, योग विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक अखिलेश विश्वकर्मा, एसोसिएशन के सचिव दिनेश सिंह ठाकुर, प्रतियोगिता निदेशक राजू कस्तवार और प्रतियोगिता प्रबंधक दीपक जैन सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, निर्णायक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन विश्वविद्यालय के चिकित्सा संकाय के अंतर्गत योग विभाग द्वारा किया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स