अनुपमा रामचंद्रन ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार बनीं विश्व चैम्पियन

विश्व महिला स्नूकर में भारत का परचम, खिताब बचाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं

खेलपथ संवाद

इंदौर। भारतीय स्नूकर की स्टार खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने आईबीएसएफ विश्व महिला स्नूकर चैम्पियनशिप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतकर ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जो अब तक किसी भारतीय खिलाड़ी ने नहीं की थी। अनुपमा विश्व महिला स्नूकर चैम्पियनशिप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

इंदौर में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में अनुपमा ने हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से पराजित कर विश्व विजेता का ताज अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने 2025 में कतर की राजधानी दोहा में जीते अपने पहले विश्व खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।

अनुपमा की यह कामयाबी भारतीय क्यू स्पोर्ट्स के लिए बेहद गौरवशाली है। लगातार दो विश्व खिताब जीतना उनकी प्रतिभा, निरंतरता, मानसिक मजबूती और दबाव में शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता का प्रमाण है। विश्व स्तर पर मजबूत चुनौती पेश करने वाली खिलाड़ियों के बीच अपना दबदबा कायम रखना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है।

दोहा में पहली बार विश्व चैम्पियन बनने के बाद अनुपमा ने इंदौर में अपने खिताब का बचाव कर साबित कर दिया कि उनकी सफलता महज एक संयोग नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत और बेहतरीन खेल का परिणाम है। अनुपमा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से भारतीय स्नूकर को नई पहचान मिली है। उनकी सफलता देश के उभरते हुए क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनकर उन्होंने भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा दिया है।

रिलेटेड पोस्ट्स