भारत ने कोरिया को 5-3 से हराकर फाइनल में बनाई जगह

हॉकी खिलाड़ियों के पास स्वर्ण पदक जीतने का शानदार मौका
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत के लिए उपकप्तान हार्दिक सिंह ने पहला गोल किया। दूसरा गोल मनदीप सिंह ने किया। तीसरा गोल ललित उपाध्याय ने दागा। चौथा गोल अमित रोहिदास और पांचवां गोल अभिषेक ने किया। कोरिया के लिए जूंग मानजाई ने पहला, दूसरा और तीसरा गोल किया।
भारत के लिए पहला गोल पांचवें मिनट में आया। भारतीय टीम के पहले शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक लिया, लेकिन गेंद वापस हार्दिक सिंह के पास आ गई। उन्होंने रिबाउंड पर कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। टीम इंडिया ने दूसरा गोल 11वें मिनट में किया। गुरजंत ने लांग बॉल को संभाला और कोरिया के डी में पहुंच गए। उन्होंने गोलपोस्ट के पास खड़े मनदीप सिंह को पास दे दिया। मनदीप ने बिना कोई गलती किए गोल कर दिया। भारत के लिए तीसरा गोल 15वें मिनट में आया। विवेक गेंद लेकर कोरिया के डी में पहुंचे। उन्होंने गुरजंत को पास दिया। गुरजंत ने गोल का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। कोरियाई टीम ने उनके शॉट को रोक लिया। हालांकि, कप्तान हरमनप्रीत ने गेंद को किसी तरह अपने काबू में कर लिया और उसे ललित उपाध्याय की तरफ पास कर दिया। ललित ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।
मैच के 17वें मिनट में कोरिया ने अपना पहला गोल किया। पेनल्टी कॉर्नर पर फायदा उठाते हुए उसने मैच में अपना खाता खोला। कोरिया के लिए जूंग मानजाई ने पहला गोल किया। खेल के 20वें मिनट में कोरिया ने अपना दूसरा गोल दागा। जुंग माजी ने एक बार फिर कमाल किया और अपनी टीम की वापसी कराई। 24वें मिनट में अमित रोहिदास ने भारत के लिए चौथा गोल किया और टीम इंडिया को मैच में काफी आगे कर दिया। 42वें मिनट में कोरिया के लिए जुंग माजी ने तीसरा गोल किया और भारत की बढ़त कम की। 54वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को अहम बढ़त दिलाई जोकि अंत तक कायम रही।
नौ साल बाद फाइनल में पहुंचा भारत
भारतीय हॉकी टीम 2014 के बाद फाइनल में पहुंची है। 2018 में भारतीय टोली सेमीफाइनल में हार गई थी लेकिन बाद में भारत ने पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया था। दक्षिण कोरिया को हराने के बाद अब फाइनल में भारत का मुकाबला छह अक्टूबर को चीन या जापान से हो सकता है। भारतीय टीम एशियाई खेलों के मौजूदा संस्करण में शानदार फॉर्म में चल रही है। उसने ग्रुप दौर में अपने सभी पांच मैच जीते हैं। ग्रुप दौर में टीम इंडिया ने 58 गोल दागे थे। उसके खिलाफ सिर्फ पांच गोल हुए थे।
एशियाई खेल 2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सफर
पहला मैच: उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया। दूसरा मैच: सिंगापुर को 16-1 से परास्त किया। तीसरा मैच: जापान को 4-2 से हराया। चौथा मैच: पाकिस्तान को 10-2 से शिकस्त दी। पांचवां मैच: बांग्लादेश को 12-0 से हराया। सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से पराजित किया।

रिलेटेड पोस्ट्स