भारत को मिली 2023 पुरूष हॉकी विश्व कप की मेजबानी
इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा है कि 2023 का पुरुष हॉकी विश्व कप भारत में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्पेन और नीदरलैंड्स को 2022 में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप की मेजबानी मिली है।
बता दें कि साल 2023 में होने वाला पुरुष हॉकी विश्व कप 13 जनवरी से 29 जनवरी के बीच आयोजित किया जाएगा वहीं महिला विश्व कप के लिए 1 जुलाई 2022 से 17 जुलाई 2022 की तारीख तय की गई है। इन विश्व कप के लिए जगहों का एलान संबंधित देश द्वारा बाद में किया जाएगा।
बता दें कि एफआईएच ने इन प्रतिष्ठित आयोजनों को होस्ट करवाने के लिए अच्छी बोली हासिल की है। उन्होंने कहा कि, यहां किसी देश का चयन करना काफी कठिन फैसला था। चूंकि हमारा मिशन दुनिया भर में खेल को बढ़ाना है इसलिए निश्चित रूप से हमें निवेश करने की आवश्यकता है। इसके अलावा कार्यकारी बोर्ड ने दोनों वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफिकेशन प्रोसेस को भी मंजूरी दी।
भारत में वर्ष 1971 के बाद से यह चौथा मौका है जब हॉकी विश्वकप की मेज़बानी की जाएगी। भारत सहित तीन देशों ने 2०22-23 हॉकी विश्वकप मेज़बानी के लिये अपनी दावेदारी पेश की थी। एफआईएच टास्क फोर्स ने सभी दावेदारों की गहन समीक्षा करने के बाद कार्यकारी बोर्ड को अपनी सिफारिशें सौंपी थी। इसके बाद वैश्विक संस्था ने 13 से 29 जनवरी 2023 को होने वाले विश्वकप की मेजबानी के लिये भारत को विजेता घोषित कर दिया।
वर्ष 2023 में अपनी आज़ादी के 75 बरस पूरे करने जा रहे भारत में हॉकी विश्वकप की मेज़बानी और भी खासी होगी। भारत के लिये यह घरेलू मैदान पर विश्व चैंपियन बनने का भी सुनहरा मौका होगा जो खिताब उसने आखिरी बार 1975 में जीता था।