टेबल टेनिस में अनुषा का स्वर्णिम प्रदर्शन
![](images/f8Anusha Kutumbale (Table Tennis) (1).jpg)
सुनील डाबर ने 1500 मीटर दौड़ में बनाया रिकार्ड
खेलपथ प्रतिनिधि
भोपाल: खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने चौथे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य सहित नौ पदक दिलाए। इन्हें मिलाकर मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक 9 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 26 पदक अर्जित किए हैं। अनुषा ने टेबल टेनिस में स्वर्णिम सफलता हासिल की।
चौथे दिन एथलेटिक्स में अंडर-21 बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ स्पर्धा में एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभावान धावक सुनील डाबर ने 3.54.75 मिनट का समय लेकर नया मीट रिकार्ड बनाया और स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। बालक वर्ग अंडर-17 में अकादमी के खिलाड़ी अर्जुन वास्कले ने 3.56.49 तथा अभिषेक ठाकुर ने 3.57.94 मिनट का समय लेकर क्रमशः रजत और कांस्य पदक अर्जित किए। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता में सुनील डाबर ने 1 स्वर्ण, 1 रजत, अर्जुन वास्कले ने 1 स्वर्ण, 1 रजत तथा अभिषेक ठाकुर ने 2 कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में 6 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 14 पदक अर्जित किए हैं। जिसमें से 4 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य सहित 11 पदक अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित किए गए हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण डा. एस.एल. थाउसेन ने बताया कि एथलेटिक्स अकादमी की स्थापना हुए मात्र तीन वर्ष ही हुए हैं और हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन किया और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के लिए खेल संचालक डा. थाउसेन ने अकादमी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत टेबल टेनिस के फायनल मुकाबले में अनुषा कुटुम्बले ने महाराष्ट्र की खिलाड़ी को 4-0 (11-4, 11-9, 11-5, 11-3) से शिकस्त देकर मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। प्रतियोगिता के अंतर्गत शाटगन स्कीट शूटिंग अंडर-21 बालक वर्ग के मुकाबले में अकादमी के खिलाड़ी रितुराज बुंदेला ने रजत तथा अर्जुन ठाकुर ने कांस्य पदक अर्जित किया। अंडर-17 एयर रायफल में इंदौर (म.प्र.) की खिलाड़ी अंशिका गुप्ता ने रजत पदक दिलाया। इसी तरह जूडो प्रतियोगिता के अंडर-21 बालक वर्ग में शुभम राजपूत ने -90 किलोग्राम भारवर्ग में रजत तथा अमिषा ने -78 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक अर्जित किया।