श्रीराम नगरी अयोध्या के जांबाज जयप्रकाश का तिरुवनंतपुरम में कमाल

मास्टर्स एथलेटिक्स में कीर्तिमान बना विश्व चैम्पियनशिप का टिकट कटाया

खेलपथ संवाद

अयोध्या। श्रीराम नगरी अयोध्या के जांबाज एथलीट जयप्रकाश ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के चंद्रशेखर नायर स्टेडियम में हुई 46वीं मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की पांच किलोमीटर रेस वॉक में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए दक्षिण कोरिया में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए टिकट कटाया। इस मनोबल बढ़ाने वाली स्वर्णिम सफलता से जयप्रकाश खुश तो हैं लेकिन उनका लक्ष्य एक बार फिर विश्व चैम्पियनशिप का गोल्ड है।

उत्तर प्रदेश के जांबाज एथलीट जयप्रकाश इससे पहले भी राष्ट्रीय, एशिया, विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव विश्व बढ़ा चुके हैं। ऐसा करिश्मा करने वाले वह उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के पहले एथलीट हैं। 46वीं मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 28 जनवरी से एक फरवरी 2026 केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के चंद्रशेखर नायर स्टेडियम में हुई। जयप्रकाश ने इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

जयप्रकाश ने पांच किलोमीटर रेस वॉक में नया कीर्तिमान बनाया तथा अपने आयु वर्ग का स्वर्ण पदक जीत दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (अगस्त 2026) के लिए अपना टिकट पक्का किया। अब तक विभिन्न आयु वर्गों के स्वतंत्र भारत में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के तीन स्वर्ण पदक विजेता हैं जिसमें जयप्रकाश पहले ऐसे एथलीट हैं जिन्होंने राष्ट्रीय, एशिया, विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव विश्व स्तर पर बढ़ाया है।

जयप्रकाश मूलतः जनपद अयोध्या के रेतिया मोहल्ला निवासी हैं उनकी उपलब्धि से देश-प्रदेश एवं जनपद के युवाओं में काफी उत्साह है। जयप्रकाश को भरोसा है कि वह दक्षिण कोरिया में भी स्वर्णिम प्रदर्शन करेंगे। जयप्रकाश के इस प्रदर्शन की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। अयोध्या के प्रशासनिक अधिकारियों और जनपद के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रिलेटेड पोस्ट्स