राष्ट्रीय सॉफ्ट हॉकी में मध्य प्रदेश ने जीते तीन कांस्य पदक

पहली बार खेले और सवाई मानसिंह स्टेडियम में जमा दी धाक

खेलपथ संवाद

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित पांचवीं राष्ट्रीय सॉफ्ट हॉकी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग वर्गों में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। यह पदक इसलिए महत्व रखते हैं क्योंकि मध्य प्रदेश पहली बार इस प्रतियोगिता में खेला है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जहां खिलाड़ियों ने सॉफ्ट हॉकी में अपने कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश ने राष्ट्रीय सॉफ्ट हॉकी प्रतियोगिता में पहली बार सहभागिता की और पहली ही बार में सीनियर महिला, जूनियर और सब-जूनियर पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।

मध्य प्रदेश सॉफ्ट हॉकी संघ के प्रदेश सचिव एवं हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि यह सफलता प्रदेश में सॉफ्ट हॉकी के बढ़ते स्तर और उज्ज्वल भविष्य को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का नाम रोशन करेंगे।

प्रतियोगिता के सीनियर महिला वर्ग में अन्यया तोमर, पूर्वी त्रिपाठी, नव्या जैन, नीलम, शिवांशी एवं नव्या शर्मा ने सराहनीय प्रदर्शन किया वहीं जूनियर बालक वर्ग में ध्रुव शर्मा, वंश श्रीवास्तव, अमन बाल्मीकि, धीरज जाटव, सचिन बघेल, सिद्धार्थ राठौर और प्रशांत राठौर ने बेहतरीन खेल दिखाया। सब-जूनियर बालक वर्ग में माणिक वर्मा, कुणाल सिंह, अनित कुशवाहा, साहिल सिंह सहित अन्य खिलाड़ियों ने टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रिपु दमन सिंह तोमर, अजय बाजपेई, विवेक पिशाल, श्याम श्रीवास्तव, जितेंद्र परिहार, मनोज परिहार, जिला खेल अधिकारी जोसेफ बाक्सला, कुंवर राज, संगीता दीक्षित सहित खेलों से जुड़े लोगों और खेल प्रशंसकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिलेटेड पोस्ट्स