प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने "फिर दिल दो हॉकी को" अभियान चलाया

नवोदित प्रतिभाओं से राष्ट्रीय खेल हॉकी से जुड़ने का किया आह्वान

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर (एनआईएस) ने शुक्रवार को लवली बाल निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय खेल हॉकी से जुड़ने के लिए प्रेरित कर "फिर दिल दो हॉकी को" अभियान चलाया। श्री भटनागर ने नवोदित प्रतिभाओं से अधिक से अधिक संख्या में हॉकी से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रशिक्षक भटनागर ने शुक्रवार को "फिर दिल दो हॉकी को" अभियान का आगाज दर्पण मैदान के नजदीक स्थित लवली बाल निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से हॉकी से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी के उत्थान की जानकारी दी। उन्होंने निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण एवं हॉकी फीडर सेंटर तथा राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर एवं राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

श्री भटनागर ने छात्र-छात्राओं को दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुमारी इशिका चौधरी, कुमारी करिश्मा यादव, कुमारी नीरज राणा, कुमारी नेहा सिंह एवं अर्जुन शर्मा तथा अंकित पाल आदि के विषय में भी जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नीलम माथुर भी मौजूद रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स