भारत में 22 साल बाद होगी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता

अगले साल दिल्ली में होगा एशिया कप का दूसरा चरण

कॉमनवेल्थ आर्चरी चैम्पियनशिप की दिल्ली को मिल सकती है मेजबानी

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारत को 22 साल बाद एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। 2027 में एशिया कप तीरंदाजी (आर्चरी) का दूसरा चरण दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस फैसले को मंगलवार को कोलकाता में हुई विश्व आर्चरी एशिया की बैठक में मंजूरी दी गई। भारत ने आखिरी बार 2005 में किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, जब दिल्ली में एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप आयोजित हुई थी। अब लंबे अंतराल के बाद फिर से देश में इस खेल का बड़ा आयोजन होने जा रहा है।

विश्व तीरंदाजी एशिया के अध्यक्ष काजी राजीब उद्दीन अहमद चापोल इन दिनों कोलकाता में हैं। उन्होंने आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा से मुलाकात कर आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी को लेकर चर्चा की। चापोल ने कहा कि दिल्ली में एशिया कप के आयोजन को लेकर सकारात्मक माहौल है और इसमें कोई बड़ी समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि अगले साल होने वाली कॉमनवेल्थ आर्चरी चैंपियनशिप के लिए भी दिल्ली को संभावित मेजबान के रूप में देखा जा रहा है।

इस बीच भारत को एक और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अहमदाबाद इस साल सितंबर में एशियन पैरा आर्चरी चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। कोलकाता को भी कई साल बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित करने का मौका मिलेगा। शहर को 2026 के साउथ एशियन आर्चरी चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है। इससे पहले कोलकाता ने 2009 में एशियन आर्चरी ग्रां प्री की मेजबानी की थी। इसके अलावा संभावना है कि अगले साल सीनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप भी कोलकाता में आयोजित हो सकती है, हालांकि इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इस साल राष्ट्रीय चैंपियनशिप शिलांग में होगी।

तीरंदाजों के लिए व्यस्त रहने वाला है साल 2026

भारतीय तीरंदाजों के लिए यह साल काफी व्यस्त रहने वाला है, क्योंकि सितंबर-अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स भी आयोजित होने हैं। भारतीय तीरंदाज अपने अंतरराष्ट्रीय सत्र की शुरुआत 21 से 26 मार्च के बीच बैंकॉक में होने वाले एशिया कप आर्चरी के पहले चरण से करेंगे। दूसरा चरण अप्रैल में इराक में प्रस्तावित है, लेकिन पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण उसके आयोजन पर अनिश्चितता बनी हुई है। तीसरा और अंतिम चरण नवंबर में चीन में होगा। वहीं, इस साल आर्चरी विश्व कप का पहला चरण 7 से 12 अप्रैल तक मेक्सिको के पुएब्ला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और तीसरा चरण क्रमशः 5 से 10 मई तक शंघाई और 9 से 14 जून तक तुर्किये के अंताल्या में आयोजित होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स