विश्व खेल मंच पर दम दिखाएगा बहराइच का प्रणव मिश्रा
पांचवीं विश्व जूनियर सॉफ्ट टेनिस चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन
खेलपथ संवाद
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के होनहार सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रणव मिश्रा अब विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। प्रणव का चयन चीन के जिंगशान में 26 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 5वीं विश्व जूनियर सॉफ्ट टेनिस चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह अंडर-21 आयु वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से बहराइच सहित समूचे उत्तर प्रदेश के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
प्रतिभाशाली प्रणव मिश्रा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल क्षमता का शानदार परिचय दे चुके हैं। फरवरी 2026 में लुधियाना में आयोजित द्वितीय जूनियर एशियन सॉफ्ट टेनिस चैम्पियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम स्पर्धा में स्वर्ण तथा युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया था। इसके अलावा जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप की एकल स्पर्धा में भी उन्होंने रजत पदक हासिल किया था।
लगातार शानदार प्रदर्शन की बदौलत प्रणव ने एशियाई जूनियर टीम स्पर्धा में पहली तथा युगल स्पर्धा में तीसरी रैंक हासिल की। वहीं, राष्ट्रीय जूनियर रैंकिंग में वह दूसरे स्थान पर रहे। उनकी इन्हीं उपलब्धियों और निरंतर बेहतर प्रदर्शन ने विश्व चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन की राह प्रशस्त की। प्रणव मिश्रा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंच सकती हैं। उनका चयन बहराइच के उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेलों में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं।
प्रणव के भारतीय टीम में चयन से जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि एशियाई चैम्पियनशिप की सफलता को दोहराते हुए प्रणव विश्व जूनियर चैम्पियनशिप में भी पदक जीतकर देश का मान बढ़ाएंगे। अब बहराइच की निगाहें चीन में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां जिले का यह होनहार खिलाड़ी तिरंगे की शान बढ़ाने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगा।
