अहमदाबाद में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज भारोत्तोलक

2029 में होगा विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन; भारत पहली बार करेगा मेजबानी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
गुजरात का अहमदाबाद शहर 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। इस खेल की अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईडब्ल्यूएफ) ने रविवार को चीन के निंग्बो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद इसकी घोषणा की। इस तरह भारत में पहली बार सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।
आईडब्ल्यूएफ ने अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में 2029 और 2030 की सीनियर विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए मेजबान शहरों का चयन किया। वर्ष 2030 की प्रतियोगिता रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित की जाएगी। आईडब्ल्यूएफ के कार्यकारी बोर्ड ने 2028 की विश्व युवा चैंपियनशिप की मेजबानी कोसोवो के प्रिश्टिना और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की मेजबानी वेनेजुएला की राजधानी काराकास को सौंपने का भी फैसला किया। आईडब्ल्यूएफ के महासचिव जोस क्विनोनेस ने कार्यकारी बोर्ड के मतदान के बाद कहा, ''हमें जो भी मेजबानी के प्रस्ताव मिले, वे सभी उत्कृष्ट थे। हमें पूरा विश्वास है कि आपके संबंधित देशों में होने वाली चैंपियनशिप बेहद सफल रहेंगी।''
उन्होंने कहा, ''यह भी उल्लेखनीय है कि इन चार में से तीन देश कोसोवो, वेनेजुएला और भारत पहली बार आईडब्ल्यूएफ की किसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करेंगे। यह दर्शाता है कि हमारा खेल दुनियाभर में विस्तार कर रहा है और कई देशों के लिए हमारी प्रतियोगिताओं की मेजबानी करना बेहद आकर्षक है।''
आईडब्ल्यूएफ ने कहा कि उसने आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के कैलेंडर को व्यवस्थित और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक साथ चार विश्व चैंपियनशिप के मेजबान देशों को चुनने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अहमदाबाद 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की भी मेजबानी करेगा। इसके अलावा भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी दावेदारी कर रहा है।

रिलेटेड पोस्ट्स