मुकेश शर्मा ने ड्यूटी के साथ योग में रचा स्वर्णिम इतिहास
ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन चैम्पियनशिप में जीते दो गोल्ड
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़। सरकारी जिम्मेदारियों के साथ खेलों में निरंतर उत्कृष्टता का संतुलन कायम करते हुए हरियाणा के सीनियर रिसर्च ऑफिसर मुकेश शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने आर्टिस्टिक योग कैटेगरी में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर हरियाणा के खेलमंत्री गौरव गौतम ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने मुकेश शर्मा को मेडल पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान जताया तथा भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीतियां लागू की जा रही हैं, जिससे नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आ रही हैं।
भिवानी जिले के मिताथल गांव के निवासी मुकेश शर्मा पिछले 25 वर्षों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग में सक्रिय हैं। वर्ष 2010 में उरुग्वे में आयोजित विश्व योग चैंपियनशिप में वे वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे हरियाणा वित्त विभाग, चंडीगढ़ सचिवालय में सीनियर रिसर्च ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं और अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ खेलों में भी निरंतर सफलता हासिल कर रहे हैं।
17 से 21 मार्च तक चंडीगढ़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस चैम्पियनशिप में उन्होंने कड़े मुकाबलों के बीच अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। सम्मान मिलने के बाद मुकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री, खेलमंत्री सहित सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।
