केतन कुशवाहा करेंगे अंडर-18 एशिया कप हॉकी में भारत की कप्तानी

काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक होगी एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता

खेलपथ संवाद

भोपाल। हॉकी इंडिया ने जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक होने वाले पुरुष अंडर 18 एशिया कप के लिये 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की है इसके कप्तान केतन कुशवाहा होंगे। टीम का चयन कोच सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा की देखरेख में हुए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के दौरान किया गया।

भारतीय टीम ने तैयारियों के लिये यहां आस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम के खिलाफ चार मैचों की सीरीज खेली जिसमें दो मैच ड्रॉ रहे, एक जीता और एक गंवाया। हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार भारत को पूल ए में दक्षिण कोरिया, जापान, चीनी ताइपै और कजाखस्तान के साथ रखा गया है।

भारत को 29 मई को कजाखस्तान से, 31 मई को जापान से, एक जून को दक्षिण कोरिया और तीन जून को चीनी ताइपै से खेलना है। पूल ए और बी की शीर्ष दो टीमें पांच जून को सेमीफाइनल खेलेंगी जबकि फाइनल छह जून को खेला जायेगा। पूल बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन की टीम हैं।

भारतीय अंडर-18 टीम- गोलकीपर : सावन कुमार, आयुष रजक, डिफेंडर : अंश बहुत्रा, अरमान सोरेंग, आशीष तानी पूर्ति, अर्शदीप सिंह, अवि मानिकपुरी, रोमित पाल, मिडफील्डर : राहुल यादव, प्रेमचंद सॉय, वरिंदर सिंह, करण गौतम, सिद्धार्थ बेन, फॉरवर्ड : केतन कुशवाहा (कप्तान), आकाश दीप, गाजी खान, शाहरूख अली, प्रहलाद राजभर।

रिलेटेड पोस्ट्स