जूनियर राष्ट्रीय रोइंग में मध्य प्रदेश की बेटियां ओवरऑल चैम्पियन
गोरखपुर में हुई चैम्पियनशिप में एमपी को मिले दो स्वर्ण सहित सात पदक
खेलपथ संवाद
भोपाल। 48वीं जूनियर राष्ट्रीय रोइंग चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश की महिला रोइंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 17 से 21 मई 2026 तक गोरखपुर (उत्तरप्रदेश) में आयोजित हुई। मध्यप्रदेश टीम ने प्रतियोगिता में कुल 07 पदक (02 स्वर्ण, 02 रजत एवं 03 कांस्य) जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिंगल स्कल्स स्पर्धा में संतोष यादव तथा कॉक्सलेस पेयर स्पर्धा में जिज्ञासा रेगर एवं स्नेहा कालमे ने स्वर्ण पदक अर्जित किए। वहीं डबल स्कल्स स्पर्धा में प्रियंका एवं वंशिका साहू ने रजत पदक तथा कॉक्सलेस फोर स्पर्धा में पूनम, प्रतीक्षा, मेघा लवारिस एवं प्रतिज्ञा चिकाने ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष वर्ग में भी खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए डबल स्कल्स स्पर्धा में तनिष एवं ऋषभ जोशी ने रजत पदक जीता। वहीं कॉक्सलेस फोर स्पर्धा में राज कारिया, श्लोक डांगी, हरिओम वर्मा एवं अरुण गुर्जर तथा कॉक्सलेस पेयर स्पर्धा में अयान एवं अनुराग ने कांस्य पदक अर्जित किए।
मध्यप्रदेश टीम ने प्रतियोगिता में कुल 07 पदक (02 स्वर्ण, 02 रजत एवं 03 कांस्य) जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। यह उपलब्धि खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम का परिणाम है और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सम्पूर्ण रोइंग टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।
