सेवन ए साइड इंटर हाउस हॉकी टूर्नामेंट में दमखम दिखाएंगे होनहार
30 मई से 4 जून तक श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर की स्मृति में होगा टूर्नामेंट
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। वरिष्ठ खेल प्रशासक स्वर्गीय ज्ञान प्रकाश भटनागर की स्मृति में लगातार दूसरे साल सेवन ए साइड इंटर हाउस हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। 30 मई से 4 जून तक स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में शिरकत करने वाली सभी टीमों को खेल किट तथा विजेता-उप-विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
आयोजन सचिव विवेक पिसाल ने बताया कि ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति टूर्नामेंट खेल एवं युवा कल्याण विभाग, महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी ग्वालियर एवं फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली टीमों के नाम दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम से रखे गए हैं। उन्होंने ने बताया कि यह टूर्नामेंट बालक एवं बालिका खिलाड़ियों से सुसज्जित टीमों इशिका चौधरी हाउस, करिश्मा यादव हाउस, निक्की कौशल हाउस, अर्जुन शर्मा हाउस, शैलेंद्र राणा हाउस, मनोज परिहार हाउस, दीपक अग्निहोत्री हाउस, शिवेंद्र यादव हाउस, नेहा सिंह हाउस के मध्य खेला जाएगा।
टूर्नामेंट डायरेक्टर दिलशाद खान एवं अम्पायर के रूप में रईस कुरैशी, दीपक बाथम, विक्रम सिंह, रितु अनामिका तिर्की, सोनम रजक, अरबाज खान, ममता सिंह, आदर्श सिंह आदि मौजूद रहेंगे। टूर्नामेंट का आकर्षण विजेता एवं उप-विजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी के साथ शानदार पुरस्कार एवं प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच एवं टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शिरकत करने वाली सभी आठ टीमों को खेल किट भी प्रदान की जाएगी।
