खेलों के माध्यम से अपने जीवन की दिशा तय करें युवा खिलाड़ीः सिंकू कुमार सिंह

ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिताः अंकित पाल एकादश अगले दौर में पहुंची

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर एवं महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर आयोजित ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता में अंकित पाल एकादश ने इशिका चौधरी एकादश को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों का हौसला मुख्य अतिथि सिंकू कुमार सिंह (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी दिल्ली के संयुक्त सचिव) ने बढ़ाया।

मुकाबले के चौथे मिनट में ही अंकित पाल एकादश के मनिक वर्मा ने प्रशांत गोयल से मिले पास पर शानदार मैदानी गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी, इशिका चौधरी हाउस की टीम ने पलटवार करते हुए अंकित पाल एकादश के गोल पोस्ट पर लगातार हमले किये परंतु गोलकीपर अनुभव व्यास ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया।  मैच के 16वें मिनट में अंकित पाल एकादश के सिद्धार्थ राठौर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोरको 2-0 कर दिया, दो गोल से पिछड़ने के बाद इशिका चौधरी हाउस के कप्तान वंश श्रीवास्तव ने एकल प्रयास करते हुए शानदार मैदानी गोलकर स्कोर 2-1 कर दिया।

मैच के उत्तरार्ध में 42 मिनट में अंकित पाल एकादश की कप्तान नंदिता शर्मा ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया, मैच को बराबर करने के लिए इशिका चौधरी हाउस की टीम ने लगातार प्रयास किए और कई शानदार मूव बनाए परंतु अंकित पाल एकादश के शानदार डिफेंस ने सभी को विफल कर दिया। अंतिम पलों में इशिका चौधरी एकादश के कप्तान वंश श्रीवास्तव ने अंशपाल के साथ मिलकर अंकित पाल एकादश के गोल पोस्ट पर हमला किया और वंश श्रीवास्तव ने गोल स्कोर कर मैच का परिणाम 3-2 कर दिया। अंकित पाल एकादश ने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धार्थ राठौर रहे।

मुख्य अतिथि सिंकू कुमार सिंह (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी दिल्ली के संयुक्त सचिव), गिरिजा गर्ग (सोशल मीडिया प्रभारी अनुसूचित जाति मोर्चा एवं सदस्य दिशा समिति जिला प्रशासन ग्वालियर) तथा नेहा पटेल (महिला पतंजलि योग समिति जिला अध्यक्ष एवं राज कार्यकारिणी सदस्य), वरिष्ठ पार्षद अपर्णा पाटिल, दीपा शर्मा, नेहा शर्मा, निशी यादव आदि ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

मुख्य अतिथि सिंकू कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से ध्यानचंद, इशिका चौधरी, करिश्मा यादव, अंकित पाल के आदर्शों पर चलकर देश के लिए खेलने का आह्वान किया। गिरजा गर्ग ने खिलाड़ियों से मोबाइल को छोड़कर मैदान पर पसीना बहाने की बात कही वहीं अपर्णा पाटिल ने खिलाड़ियों को अपने प्रशिक्षक के बताए मार्ग पर चलकर दर्पण मिनी स्टेडियम के गौरव को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत टूर्नामेंट के आयोजन सचिव विवेक पिसाल, अरुण भटनागर, टूर्नामेंट डायरेक्टर दिलशाद खान, आयोजन अध्यक्ष अविनाश भटनागर एवं नीरज शर्मा, रईस कुरैशी, सत्येंद्र यादव, नंदिता शर्मा, तनु यादव, सुनैना राठौर, खुशी चौरसिया, अन्यया तोमर, अरायना कुरैशी, अनुष्का श्रीवास आदि ने किया। आभार अविनाश भटनागर ने माना।

सभी की आंखों के तारे बने पार्थ और दर्शिता

ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी टूर्नामेंट में दो नवोदित प्रतिभाएं मास्टर पार्थ शर्मा एवं कुमारी दर्शिता कपूर सभी की आंखों के तारे बने हुए हैं। यह दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता के सबसे आकर्षक एवं प्यारे खिलाड़ी हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शकों एवं खिलाड़ियों का पूरा समर्थन एवं प्यार-दुलार भी मिल रहा है। मैदान पर खरगोश की तरह उछलते-कूदते यह हॉकी सितारे ग्वालियर का भविष्य हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स