अंकित पाल हाउस और पंडोरिया हाउस के बीच होगा खिताबी मुकाबला

श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल आज

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर करेंगे पारितोषिक वितरण

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। आज शाम पांच बजे से श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल अंकित पाल हाउस और पंडोरिया हाउस के बीच खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल में पंडोरिया हाउस ने इशिका चौधरी हाउस को 3-2 से तो दूसरे सेमीफाइनल में अंकित पाल हाउस ने शैलेंद्र राणा हाउस को 4-1 से पराजित कर फाइनल का टिकट कटाया। प्रतियोगिता का पारितोषिक वितरण ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर करेंगे।   

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर चल रही श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में पंडोरिया हाउस ने इशिका चौधरी हाउस को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल अंकित पाल हाउस एवं शैलेंद्र राणा हाउस के मध्य खेला गया जिसमें अंकित पाल हाउस की टीम 4-1 से विजयी रही। पहले सेमीफाइनल मुकाबले का प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार कृष्ण मिलन को प्रदान किया गया वहीं दूसरे सेमीफाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड सिद्धार्थ राठौर को प्रदान किया गया।

ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नवोदित खिलाड़ी आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे ऐसी मेरी शुभकामनाएं। उन्होंने आयोजन समिति को भविष्य में अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। डॉक्टर विनोद शर्मा राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ने खिलाड़ियों से अपनी फिटनेस पर ध्यान देने और खान-पान पर ध्यान देने की बात कही उन्होंने कहा कि यह सभी खिलाड़ी देश का भविष्य हैं, वहीं डॉक्टर खोजमा सैफी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान रखने की बात कही।

मध्य प्रदेश कीड़ा भारती के अध्यक्ष दीपक सचेती ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि अपने प्रशिक्षक के बताए मार्ग पर चलकर अनुशासन के साथ अभ्यास करते हुए लक्ष्य को संधान कर सकते हैं। इस अवसर पर ग्वालियर के वरिष्ठ खिलाड़ियों को हॉकी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में कमल किशोर, डॉ. विनोद शर्मा, दिलशाद खान, इम्तियाज़ खान, मनोज परिहार, रईस कुरैशी, रामनरेश गुर्जर, दीपा शर्मा, कुमारी नेहा शर्मा शामिल हैं। पूर्व में अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव विवेक पिसाल, श्याम श्रीवास्तव, अरुण भटनागर, संगीता गर्ग, राजकुमार वरुण, संगीता दीक्षित, शुभी शर्मा, अविनाश भटनागर आदि ने किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज शाम 5:00 बजे से खेला जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स