खिलाड़ियों ने लिया संत श्री ऋषभ देवानंद जी महाराज का आशीष
विजेता-उपविजेता हॉकी सितारों ने किया आदर्श गौशाला का भ्रमण
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। हाल ही में खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में दर्पण मिनी स्टेडियम में आयोजित श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता की विजेता तथा उप-विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने लाल टिपारा स्थित आदर्श गौशाला का भ्रमण किया और गौशाला के संत श्री ऋषभ देवानंद जी महाराज का आशीष प्राप्त किया।
संत श्री ऋषभ देवानंद जी महाराज ने विजेता तथा उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। गौशाला भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने गौ माता का पूजन किया तथा गौशाला में बायोटेक गैस प्लांट एवं प्राकृतिक पौधों का अवलोकन किया। खिलाड़ियों ने गौ माता को गुड़ खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन समिति के सदस्यों अजय बाजपेई, कमल किशोर, अनिल भटनागर, विवेक पिसाल, श्याम श्रीवास्तव, अरुण भटनागर, शुभी शर्मा, सत्येंद्र यादव, कुमारी नेहा शर्मा, राजीव श्रीवास्तव एवं अविनाश भटनागर ने स्वामी ऋषभ देवानंद जी को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संत श्री ऋषभ देवानंद जी महाराज ने सभी खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों से कहा कि राष्ट्रीय खेल हॉकी के उत्थान हेतु हम सभी लोग मिलकर प्रयास करेंगे, इस कार्य में ग्वालियर के खेलप्रेमियों की मदद भी ली जाएगी। स्वामी जी ने सभी खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों को प्रसादी प्रदान कर अपना आशीष दिया।
