तेजश शिर्से ने 110 मीटर बाधा दौड़ में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
शिर्से का 13.27 सेकेंड का समय एशिया में इस सत्र का छठा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी जैवलिन थ्रो में किया बेस्ट प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
लुधियाना। तेजस शिर्से ने इंडियन एथलेटिक्स सीरीज नौ में शनिवार को यहां पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे 24 वर्षीय शिर्से ने 13.27 सेकेंड का समय लेकर अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। उन्होंने अपना पिछला रिकॉर्ड 2024 में 13.41 सेकेंड के समय के साथ बनाया था।
तेजस शिर्से ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित किए गए क्वालीफाइंग मार्क 13.39 सेकेंड से भी बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने पिछले महीने रांची में फेडरेशन कप में 13.50 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता था। शिर्से का 13.27 सेकेंड का समय एशिया में इस सत्र का छठा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
पंजाब के लुधियाना में गुरु नानक स्टेडियम में शुरू हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 2026 के नौवें चरण में शनिवार को तेजस शिर्से ने पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में अपना ही नेशनल रिकॉर्ड बेहतर किया। 24 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 13.27 सेकेंड का समय दर्ज किया और अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड (13.41 सेकेंड) से 0.14 सेकेंड कम समय में रेस समाप्त की। उन्होंने पिछला रिकॉर्ड 2024 में फिनलैंड में एक एथलेटिक्स मीट के दौरान बनाया था।
तेजस शिर्से के नाम 60 मीटर बाधा दौड़ (इनडोर) का 7.64 सेकेंड का नेशनल रिकॉर्ड भी है। उन्होंने कृषिक एम (13.55 सेकेंड) और माध्वेंद्र सिंह (14.00 सेकेंड) से आगे रहते हुए इवेंट में जीत हासिल की। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में शिर्से ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के क्वालीफाइंग स्टैंडर्ड (13.39 सेकेंड) को भी पार कर लिया।
तेजस शिर्से ने कहा, "रांची और चीनी ताइपे में पोडियम पर रहने के बावजूद कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन से मामूली अंतर से चूकने के बाद, मैंने आज अपनी सोच बदली। मैंने खुद से कहा कि यह एक 'फ्री हिट' है। आप 'परफेक्ट' शॉट नहीं लगाते। आप बस उसे मैदान के बाहर मारते हैं या आउट हो जाते हैं। मैंने बिना किसी दबाव के शुरुआत की, इसे ट्रेनिंग की तरह लिया और अपने पैरों को अपना काम करने दिया।"
एएफआई ने लुधियाना में होने वाली इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 9 को आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए दूसरा सेलेक्शन ट्रायल घोषित किया है। मई में हुए फेडरेशन कप को मूल रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आखिरी सेलेक्शन ट्रायल के तौर पर तय किया गया था, लेकिन AFI ने भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीटों को ग्लासगो 2026 की टीम में जगह बनाने का एक और मौका देने का फैसला किया। हालांकि, एथलीटों के एंट्री स्टैंडर्ड को पूरा करने के बावजूद टीम में अंतिम चयन एएफआई पर निर्भर करेगा।
महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा (58.16 मीटर) और निधि रानी (57.08 मीटर) शीर्ष दो स्थानों पर रहीं, क्योंकि दोनों ने इस फील्ड इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स (56.85 मीटर) और एशियन गेम्स (55.48 मीटर) के एंट्री स्टैंडर्ड को पार कर लिया। पुरुषों के जैवलिन थ्रो इवेंट में शीर्ष दो खिलाड़ियों - रोहित यादव (83.76 मीटर) और यशवीर सिंह (82.93 मीटर) ने अपने नए पर्सनल बेस्ट के साथ दोनों क्वालीफाइंग मार्क पार किए। इस इवेंट के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स एंट्री स्टैंडर्ड 82.61 मीटर है, जबकि एशियन गेम्स का मार्क 77.87 मीटर है। मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने भी अपने घरेलू दर्शकों के सामने 20.36 मीटर का क्वालीफाइंग मार्क पार किया और 20.72 मीटर का थ्रो करके करणवीर सिंह और धनवीर सिंह से आगे रहते हुए पुरुषों का शॉट पुट इवेंट जीता।
महिलाओं के शॉट पुट में, मनप्रीत कौर (17.66 मीटर) ने भी 17.62 मीटर का कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालीफाइंग मार्क पार किया। एशियन चैम्पियनशिप की सिल्वर मेडल विजेता शैली सिंह ने महिलाओं का लॉन्ग जंप इवेंट जीता, लेकिन वह क्वालीफाइंग मार्क तक नहीं पहुंच पाईं। लुधियाना में हुई यह मीट, एएफआई द्वारा 2026 सीजन के लिए शुरू की गई 16-लेग वाली इंडियन एथलेटिक्स सीरीज का नौवां चरण था और इसे मूल रूप से एक दिन का इवेंट होना था। हालांकि, अब इसे रविवार तक बढ़ा दिया गया है क्योंकि हैमर थ्रो इवेंट को एक दिन के लिए टाल दिया गया है। 10वीं इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 2026 भी रविवार को त्रिवेंद्रम में आयोजित होने वाली है।
