ग्वालियर के पदक विजेता तैराक निगमायुक्त के हाथों सम्मानित

54वीं ओपन मध्यप्रदेश स्टेट स्वीमिंग चैम्पियनशिप में जीते 19 पदक

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। 54वीं ओपन मध्यप्रदेश स्टेट स्वीमिंग चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्वालियर तैराकी संघ के तैराकों को तरण पुष्कर में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ी इसी तरह प्रदेश और देशभर में ग्वालियर का नाम रोशन करते रहें।

निगमायुक्त संघ प्रिय तरण पुष्कर पहुंच कर पदक विजेता तैराकों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों से संघ के चीफ कोच एवं सब-लेफ्टिनेंट सचिन पाल के मार्गदर्शन में निरंतर मेहनत और प्रदर्शन में स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया।

 निगमायुक्त के हाथों सम्मानित तैराकों में लम्हा अरजरिया, सांची चहल, रूबल शिवहरे, देवराज सिंह भदौरिया और आर्यन उपाध्याय शामिल रहे। इन तैराकों ने रीवा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 16 कांस्य पदकों सहित कुल 19 पदक जीतकर ग्वालियर का गौरव बढ़ाया।

इस सफलता में लम्हा ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते। रूबल ने एक रजत और दो कांस्य एवं देवराज-आर्यन ने तीन-तीन और सांची ने दो पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस सफलता में नगर निगम तरण पुष्कर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर नगर निगम के पीआरओ मधु सोलापुरकर, सहायक नोडल खेल अधिकारी विजेता सिंह चौहान, सहायक खेल अधिकारी जितेंद्र यादव एवं नमन कौरव उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स