विटिलिगो सपोर्ट इंडिया कर रहा तिरंगा विद विटिलिगो प्रतियोगिता आयोजित
प्रतियोगिता का उद्देश्यः रंग अलग लेकिन हमारी पहचान, सम्मान और देशप्रेम एक
खेलपथ संवाद
मथुरा। विटिलिगो सपोर्ट इंडिया आजादी के पावन अवसर पर एक ऐसी प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है जिसका उद्देश्य विटिलिगों ग्रस्त लोगों के जीवन में स्वाभिमान का भाव पैदा करने के साथ समाज को समरसता का संदेश देना है। विटिलिगो ग्रस्त लोग किसी से कम नहीं उनके मन में एक सामान्य इंसान से कहीं अधिक राष्ट्रप्रेम है, इस बात को उन्हें अपने विटिलिगो प्रभावित अंग में तिरंगा बनाकर सिद्ध करना है।
विटिलिगो सपोर्ट इंडिया के संस्थापक रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि इस साल हमारे साथी आज़ादी का जश्न कुछ अलग तरीके और आत्मविश्वास सम्मान के साथ मनाएं इसके लिए संस्था 15 अगस्त को एक अनोखी और प्रेरणादायक प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है। श्री जायसवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता विटिलिगो प्रभावित लोगों के लिए है। विटिलिगो प्रभावित लोग अपने शरीर पर मौजूद सफेद दाग को रचनात्मक तरीके से तिरंगे (केसरिया, सफेद और हरा) के रंगों से सजाकर तथा उसकी एक स्पष्ट फोटो भेजकर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।
श्री जायसवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभक्ति के साथ यह संदेश देना है कि रंग अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारी पहचान, सम्मान और देशप्रेम एक है। चयनित प्रतिभागियों को ई-प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक महानुभाव 13 अगस्त, 2026 रात्रि 11:59 बजे तक अपना तिरंगे से सुसज्जित छायाचित्र भेजकर विजेता होने का गौरव हासिल कर सकते हैं। विजेताओं की घोषणा 15 अगस्त को की जाएगी।
श्री जायसवाल ने कहा कि सफेद दाग (विटिलिगो) वाले हिस्से को भारत के तिरंगे के रूप में पेंट करना एक बेहद खूबसूरत, आत्म-सकारात्मक और कलात्मक तरीका है। यह कला आपको अपनी त्वचा से प्यार करने और अपनी विशिष्टता को गर्व से दुनिया के सामने रखने का एक अनूठा अवसर देगी।
प्रतियोगिता में केवल विटिलिगो वारियर्स ही भाग ले सकते हैं। फोटो स्पष्ट और मौलिक होनी चाहिए तथा हर प्रतिभागी तिरंगे का सम्मान बनाए रखेंगे, ऐसी अपेक्षा है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक प्रस्तुति स्वीकार नहीं होगी। एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि भेज सकता है। प्रविष्टि वेबसाइट विटिलिगो सपोर्ट इंडिया की वेबसाइट या ह्वाट्सऐप नम्बर 9319884490 पर भेज सकते हैं।
