सीयूईटी में आरआईएस की पूर्व छात्रा रिद्धवी खंडेलवाल का फहरा परचम

1000 में 944.5 अंक हासिल कर प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज में लिया प्रवेश

मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल की पूर्व मेधावी छात्रा रिद्धवी खंडेलवाल ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1000 में से 944.5 अंक हासिल कर एशिया महाद्वीप और देश के सर्वश्रेष्ठ वाणिज्य कॉलेजों में से एक श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में दाखिला लेकर समूचे ब्रज क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आरआईएस की जहां तक बात है, यहां के छात्र-छात्राएं शिक्षा, खेलकूद, टेक्नोलॉजी आदि विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कामयाबी की नई पटकथा लिख रहे हैं।

मेधावी रिद्धवी खंडेलवाल की जहां तक बात है, इस छात्रा ने सीबीएसई सत्र 2025-26 की 12वीं की परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर समूचे मथुरा जनपद का गौरव बढ़ाया था। हाल ही में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के परीक्षा परिणाम घोषित हुए जिसमें रिद्धवी खंडेलवाल ने 1000 में से 944.5 अंक हासिल कर अपनी मेधा का नायाब उदाहरण पेश किया।

रिद्धवी खंडेलवाल अपनी सफलता से न केवल खुश हैं बल्कि कहती हैं कि उनका श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में प्रवेश पाने का सपना साकार हो गया है। रिद्धवी खंडेलवाल ने अपनी शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। अतुल खंडेलवाल और पूजा खंडेलवाल अपनी सुपुत्री रिद्धवी की कामयाबी से खुश हैं। इनका कहना है कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल में ही उनकी बेटी का मजबूत आधार तैयार हुआ। अब वह श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में अपने सपनों को साकार करेगी।   

श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) की जहां तक बात है यह दिल्ली क्षेत्र का एक सुप्रसिद्ध बिजनेस स्कूल है। यह कॉलेज एशिया के सर्वश्रेष्ठ वाणिज्य कॉलेजों में शुमार है। इसके स्नातक पाठ्यक्रमों में बी.कॉम (ऑनर्स), अर्थशास्त्र में बीए (ऑनर्स) और ग्लोबल बिजनेस ऑपरेशंस में स्नातकोत्तर डिप्लोमा शामिल हैं। श्री राम कॉलेज छात्र-छात्राओं को शिक्षा का खर्च वहन करने में सहायता के लिए वित्तीय सहायता और छात्रवृत्ति प्रदान करता है।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, प्राचार्या नंदिता ढींगरा ने छात्रा रिद्धवी खंडेलवाल की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने छात्रा रिद्धवी की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी समय के महत्व को समझते हुए कड़ी मेहनत करते हैं वही सफलता के शिखर पर पहुंचते हैं। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता।

स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने छात्रा रिद्धवी खंडेलवाल की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सही मैनेजमेंट, समय सारणी, अथक परिश्रम एवं लगन से ही किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। स्कूल की प्राचार्या नंदिता ढींगरा ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

रिलेटेड पोस्ट्स