अनुभवी खिलाड़ियों के दम पर हॉकी विश्व कप जीतने उतरेगा भारत
अगले महीने बेल्जियम और नीदरलैंड में होगा महिला हॉकी विश्व कप
आज से होगी देशभर में कोचिंग और रेफरी शिक्षा कार्यशालाओं की शुरुआत
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत ने अगले महीने बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए महिला हॉकी टीम में भरोसेमंद खिलाड़ियों पर ही भरोसा दिखाया है तथा इस टूर्नामेंट के लिए भी सितम्बर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुनी गई 20 सदस्यीय टीम को ही बरकरार रखा है। टीम की घोषणा शुक्रवार को की गई जिसकी कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इसे एक संतुलित टीम बताया है।
हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान सलीमा टेटे को सौंपी गई है। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलित मिश्रण वाली यह टीम अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले विश्व कप में चुनौती पेश करेगी। भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने चुनी गई टीम को संतुलित बताया है।
विश्व कप 15 से 30 अगस्त के बीच खेला जाएगा, जिसकी मेजबानी नीदरलैंड और बेल्जियम संयुक्त रूप से करेंगे। बंगलूरू के राष्ट्रीय शिविर में तैयारी कर रही इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह मिली है। इन खिलाड़ियों ने हालिया अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रभावित किया है। पिछले महीने न्यूजीलैंड में खेले गए एफआईएच नेशंस कप में भारत ने बिना कोई मैच गंवाए खिताब अपने नाम किया था।
मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने कहा कि टीम को बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए संतुलित तरीके से चुना गया है। उनके मुताबिक खिलाड़ियों ने विश्व कप से पहले कड़ी मेहनत की है और उन्हें इस टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ सबसे बड़े मंच पर खेलने को लेकर टीम उत्साहित है। भारतीय टीम को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगा।
टीम इस प्रकार है: गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम। डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास। मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग। फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।
आज से होगी देशभर में कोचिंग और रेफरी शिक्षा कार्यशालाओं की शुरुआत
हॉकी इंडिया आज से देशभर में कोचिंग और रेफरी शिक्षा कार्यशालाओं की शुरुआत करेगा। इनका उद्देश्य प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों और अंतरराष्ट्रीय मानकों की जानकारी देना है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित ये कार्यशालाएं देश में हॉकी की मजबूत नींव तैयार करने और खेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से देशभर में प्रशिक्षित कोचों और तकनीकी अधिकारियों का मजबूत नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
