ग्वालियर की हॉकी बेटी इशिका चौधरी खेलेगी विश्व कप

यह गौरव हासिल करने वाली मध्य प्रदेश की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले एफ.आई.एच. महिला हॉकी विश्व कप में ग्वालियर की बेटी इशिका चौधरी भी धमाल मचाने को तैयार है। इशिका चौधरी की जहां तक बात है, ग्वालियर की यह बेटी रक्षा पंक्ति में फिलवक्त देश की शान है। इशिका की यह ऐतिहासिक उपलब्धि ग्वालियर-चम्बल अंचल की महिला हॉकी को नया आयाम देगी।

हॉकी इंडिया विश्व कप के लिए भारतीय महिला की टीम की घोषणा कर चुकी है। हॉकी विश्व कप की जहां तक बात है भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक सात बार इस वैश्विक आयोजन में अपना पराक्रम दिखा चुकी है। 2026 विश्व कप उसका 8वां बड़ा वैश्विक आयोजन है। टीम ने पहली बार साल 1974 में विश्व कप खेला था, जहां वह चौथे स्थान पर रही थी, जोकि उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भारतीय महिला हॉकी टीम 1974 के बाद 1978, 1998, 2006, 2010, 2018 और 2022 (सह-मेजबानी वाले संस्करण) के विश्व कप मुकाबलों में उतरी लेकिन तब मध्य प्रदेश की किसी महिला खिलाड़ी को खेलने का मौका नहीं मिला था यानी ग्वालियर की इशिका विश्व कप हॉकी खेलने वाली मध्य प्रदेश की पहली बेटी है। हाल ही में न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप 2026 जीतने के बाद, भारतीय टीम बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही।

मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर से मेरे द्वारा हॉकी का ककहरा सीख कर राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर से आगे का सफर तय करते हुए इशिका चौधरी विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में चयनित हुई है। ग्वालियर की डिफेंडर इशिका चौधरी भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी हैं। एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप की भारतीय टीम में शामिल इशिका से हमेशा की तरह अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

अविनाश भटनागर में बताया कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह पहली बार है, जब मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ी विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चयनित हुई है। इशिका चौधरी की यह उपलब्धि ग्वालियर और मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इशिका चौधरी की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला खेल अधिकारी अरविंद सिंह राणा, करिश्मा यादव, नीरज राणा, नेहा सिंह, नेहा शर्मा, दिलशाद खान, विवेक पिसाल, मनोज परिहार, वीरेंद्र भदौरिया, निक्की कौशल, रईस कुरैशी आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स