कॉमनवेल्थ गेम्स में लवप्रीत और सीमा ने बढ़ाया देश का गौरव
लवप्रीत ने स्नैच में गेम्स रिकॉर्ड बनाया, महज एक किलो से गोल्ड चूके
खेलपथ संवाद
ग्लासगो। लवप्रीत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को सिल्वर मेडल दिला दिया है वहीं, महिलाओं के डिस्कस थ्रो इवेंट में सीमा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। गुरुवार देर रात लवप्रीत ने पुरुष वेटलिफ्टिंग की 110 किलो वेट कैटेगरी में 388 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 176 और क्लीन एंड जर्क में 212 किलोग्राम वजन उठाया। दूसरी ओर सीमा ने अपने तीसरे प्रयास में 58.65 मीटर थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में अब भारत के 17 मेडल हो गए हैं। इनमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत मेडल सूची में 10वें स्थान पर है। 27 साल की सीमा ने मां बनने के बाद गेम्स में शानदार वापसी की है। वे वर्तमान में पीएचडी की पढ़ाई भी कर रही हैं। सीमा ने अपने चौथे, पांचवें और छठे प्रयास में फाउल किया, लेकिन 58.65 मीटर के थ्रो ने उन्हें पोडियम तक पहुंचा दिया। इस इवेंट में जमैका की सामंथा हॉल (61.66 मीटर) ने गोल्ड और कनाडा की जूलिया टंक्स (60.67 मीटर) ने सिल्वर मेडल हासिल किया। एक अन्य भारतीय निधि रानी 53.19 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
लवप्रीत ने स्नैच में कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। वे गोल्ड मेडल जीतने के बेहद करीब थे, लेकिन न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयूज से महज एक किलोग्राम के अंतर से पिछड़ गए। लवप्रीत ने कुल 388 किग्रा (स्नैच में 176 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 212 किग्रा) वजन उठाया। वहीं, न्यूजीलैंड के लिटी ने क्लीन एंड जर्क में गेम्स रिकॉर्ड के साथ कुल 389 किग्रा (166 किग्रा + 223 किग्रा) वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ ने 356 किग्रा (165 किग्रा + 191 किग्रा) के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। लवप्रीत क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में 217 किलो उठाने में नाकाम रहे। जबकि, न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयूज ने अपने दूसरे प्रयास में 223 किलो वजन उठाकर गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता।
भारत के नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यश वीर सिंह कॉमनवेल्थ गेम्स के जैवलिन थ्रो फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने 79.61 मीटर का बेस्ट थ्रो कर पांचवां स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के ओलम्पिक चैम्पियन अरशद नदीम 78.63 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे। मेडल इवेंट शुक्रवार देर रात 12:45 बजे से खेला जाएगा। नीरज ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर और दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया और पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।
भारत के रोहित यादव 78.37 मीटर के साथ नौवें और यश वीर सिंह 78.36 मीटर के साथ दसवें स्थान पर रहे। क्वालिफिकेशन में श्रीलंका के रुमेश पाथिराजे 82.84 मीटर के साथ पहले स्थान पर रहे। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (81.29 मीटर), साउथ अफ्रीका के डाउ स्मिट (80.64 मीटर) और इंग्लैंड के बेन ईस्ट (80.38 मीटर) ने भी नीरज से बेहतर प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम दूसरे और तीसरे प्रयास में सुधार नहीं कर सके। उनका बेस्ट थ्रो पहले प्रयास का 78.63 मीटर रहा। इसी की बदौलत उन्होंने सातवें स्थान से फाइनल में प्रवेश किया।
नीरज चोपड़ा ने 2025 दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। वे 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले भारत के इकलौते जैवलिन थ्रोअर हैं। टोक्यो ओलम्पिक 2020 में नीरज ने 87.58 मीटर के साथ गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा वे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 और एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड, जबकि पेरिस ओलम्पिक 2024 में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।
