पंजाब की तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन जीतकर रचा इतिहास

भारतीय बेटी ने सबसे कम उम्र में अपने नाम किया खिताब

खेलपथ संवाद

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने रविवार को ताइपे ओपन सुपर 300 महिला सिंगल्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। तन्वी 17 साल और 222 दिन की उम्र में दिग्गज खिलाड़ी ताई ज़ू यिंग को पीछे छोड़ते हुए ताइपे ओपन में सबसे कम उम्र की चैम्पियन बन गईं।

तन्वी ने फाइनल में वियतनाम की छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी गुयेन थुई लिन्ह को सीधे गेम में 21-16, 21-16 से हराकर अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब जीता। इस जीत के साथ ही ताइपे ओपन में महिला सिंगल्स का खिताब जीतने का भारत का 18 साल का इंतजार भी खत्म हो गया। इससे पहले 2008 में साइना नेहवाल ने यह खिताब जीता था।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तन्वी को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और इसे राज्य के लिए गर्व का पल बताया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में खिताब जीतकर शटलर ने पंजाब का मान बढ़ाया है। मान ने कहा, ‘हमारी बेटियां खेल के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां छूती रहें और पंजाब व देश का नाम रोशन करती रहें।’

रिलेटेड पोस्ट्स