भारतीय हॉकी बेटियों की दक्षिण अफ्रीका पर धमाकेदार जीत

डिफेंडर इशिका चौधरी के माथे पर स्टिक लगने से बुरी तरह लहूलुहान

खेलपथ संवाद

आम्सटेलवीन। नीदरलैंड्स के आम्सटेलवीन में खेले गए महिला हॉकी विश्व कप के मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर विश्व कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस धमाकेदार जीत के साथ भारत ने नॉकआउट राउंड में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को बेहद मजबूत कर लिया है।

इस मुकाबले के आखिरी पलों में हुई एक दर्दनाक घटना ने भारतीय फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी। मैच खत्म होने में महज 15 सेकेंड का समय बचा था कि मैदान पर एक खौफनाक हादसा हो गया। गेंद को रोकने और डिफेंड करने के प्रयास में भारतीय डिफेंडर इशिका चौधरी के माथे पर दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी की हॉकी स्टिक का पिछला हिस्सा बहुत तेजी से लग गया। टक्कर इतनी तेज थी कि इशिका का माथा तुरंत फट गया और उनके चेहरे से खून बहने लगा।

हॉकी स्टिक लगते ही इशिका दर्द से कराहते हुए मैदान पर गिर पड़ीं। इसके बाद तुरंत मेडिकल टीम को मैदान पर बुलाया गया। माथे से तेजी से निकल रहे खून को रोकने के लिए सपोर्ट स्टाफ और फिजियो ने टिशू व कपड़े का इस्तेमाल किया। इसके बाद इशिका अपने माथे पर कपड़ा दबाए हुए लहूलुहान हालत में मैदान से बाहर गईं। घटना के समय मैदान पर मौजूद अन्य खिलाड़ी भी काफी सहम गए थे।

भारत की वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी जीत

मैच की बात करें तो भारत की ओर से सुनैलिता टोप्पो (11वें मिनट), नवनीत कौर (17वें मिनट), सुशीला चानू (24वें मिनट), दीपिका (38वें मिनट), लालरेमसियामी (43वें मिनट) और साक्षी राणा ने शानदार गोल दागे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से 56वें मिनट में एकमात्र गोल दागा गया। भारत अब अपने अंतिम ग्रुप मैच में इंग्लैंड का सामना करेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स