आईओए अगले महीने की शुरुआत में बुलाएगा एसजीबीएम
संविधान में बदलावों को मंजूरी देने आमसभा में होगा अनुमोदन
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) अगले महीने की शुरुआत में आमसभा की विशेष बैठक (एसजीबीएम) बुलाने की तैयारी कर रहा है जिसमें राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम (एनएसजीए) 2025 के अनुरूप अपने संविधान में किए गए बदलावों को मंजूरी दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार आईओए की कार्यकारी समिति की बुधवार को यहां हुई बैठक में मौजूदा संविधान में कुछ बदलाव किए गए। कार्यकारी समिति की बैठक में शामिल एक सदस्य ने कहा, ‘‘आईओए की कार्यकारी समिति ने मौजूदा संविधान में कुछ मामूली बदलावों को मंजूरी दी है और इन्हें आमसभा से अनुमोदित कराना होगा।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘इसलिए एसजीबीएम अगले महीने के पहले पखवाड़े में, संभवत: 7-8 सितम्बर के आसपास आयोजित की जा सकती है। हालांकि आज की बैठक में एसजीबीएम की तारीख तय नहीं हुई और अगले कुछ दिनों में इस पर फैसला लिया जाएगा।’’ यह भी पता चला है कि आईओए के संशोधित संविधान का प्रारम्भिक मसौदा पहले ही अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) को भेजा जा चुका है। सदस्य ने कहा, ‘‘संशोधित अंतिम संविधान भी आईओसी को भेजे जाने की उम्मीद है।’’
आईओए के पदाधिकारियों के चुनाव भी दिसम्बर में होने हैं। पूर्व धावक पीटी ऊषा के नेतृत्व वाली मौजूदा कार्यकारिणी का चुनाव 10 दिसम्बर 2022 को चार साल के कार्यकाल के लिए हुआ था। इससे पहले खिलाड़ी आयोग का पुनर्गठन करना होगा और ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट’ का चयन करना होगा जिससे कि वे पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आमसभा के मतदान करने वाले सदस्य बन सकें। एनएसजीए 2025 के अनुरूप ढलने के लिए आईओए के सामने कुछ पेंचीदा मुद्दे भी हैं जिनमें उम्र और कार्यकाल से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। सरकार ने इस कानून को लागू करने के लिए जनवरी में अधिसूचित किया था।
