झारखंड स्थापना दिवस पर 24-25 नवम्बर को होगी टच रग्बी चैम्पियनशिप
राज्यभर की टीमें और क्लब खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, बैठक में हुई चर्चा
खेलपथ संवाद
सरायकेला। टच रग्बी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के बैनर तले झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 24 एवं 25 नवम्बर को झारखंड राज्य मिक्स टच रग्बी चैम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की टीमों के साथ-साथ एसोसिएशन से जुड़े मेम्बर क्लब भी भाग लेंगे।
चैम्पियनशिप की तैयारियों को लेकर सिस्टर निवेदिता स्कूल, सरायकेला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन, टीमों की भागीदारी, खिलाड़ियों के विकास तथा आगामी गतिविधियों को लेकर प्रारम्भिक चर्चा की गई।
बैठक में टच रग्बी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के उपाध्यक्ष दिवाकर सोरेन एवं खेला मुर्मू, टच रग्बी सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष विद्याधर दास, बीरसिंह, चरण देवगम, सुनाय मुंडा, पम्पल बोदरा, सह-सचिव संजय हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष विशाल कुमार सोय, जीतू खलखो सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि चैम्पियनशिप को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए जल्द ही सभी संबंधित पदाधिकारियों, जिला इकाइयों एवं मेम्बर क्लबों के साथ एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा, आयोजन स्थल, टीम पंजीकरण, प्रतियोगिता प्रारूप एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एसोसिएशन का उद्देश्य झारखंड में टच रग्बी को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराना है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली यह चैम्पियनशिप राज्य के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
