बाहुबली' नीरज चोपड़ा चोट के चलते एशियन गेम्स से बाहर
भारत की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, लिखा भावुक मैसेज
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारत के मेडल की उम्मीदों को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब गोल्डन बॉय के नाम से मशहूर जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टूर्नामेंट से अचानक बाहर हो गए हैं। उनके टखने का लिगामेंट फट गया है। उन्होंने इस बारे में एक्स पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए यह जानकारी अपने चाहने वालों से शेयर की। उन्होंने बताया कि अब वह इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इसका मतलब है कि वह डायमंड लीग के खिताबी मुकाबले में भी नहीं उतर सकेंगे।
उन्होंने लिखा- कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार मुझे लगा कि मैं उस लय और गति को हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी। लॉजेन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के बाद मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ा था। दुर्भाग्य से इसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने में लिगामेंट फट गया। डॉक्टर और अपनी टीम के साथ चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सीजन के बाकी मुकाबलों से बाहर रहूंगा। यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय हासिल करने के बेहद करीब हूं।
उन्होंने कहा, 'लेकिन जैसा कि कहते हैं, मुश्किलें सफर का हिस्सा होती हैं। अब मेरा पूरा ध्यान अच्छी तरह से स्वस्थ होने और पहले से ज्यादा मजबूत वापसी करने पर है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।' बता दें कि उन्हें डायमंड लीग के खिताबी मुकाबले में 6 सितcdबर को उतरना था।
