लक्ष्य राणा राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल में चयनित

दर्पण हॉकी फीडर सेंटर ग्वालियर की एक और उपलब्धि

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ दर्पण हॉकी फीडर सेंटर ग्वालियर के लक्ष्य राणा का चयन राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल के लिए हुआ है। इससे पहले इसी साल यहां की दो बालिकाएं राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में चयनित हो चुकी हैं।

दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि लक्ष्य राणा भोपाल हॉकी अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक ओलम्पियन समीर दाद से हॉकी की बारीकियां सीखेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश द्वारा संचालित हॉकी अकादमी भोपाल में निशुल्क प्रशिक्षण के साथ-साथ भोजन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, शिक्षा की व्यवस्था एवं खेल से संबंधित सभी प्रकार के उच्च स्तरीय खेल उपकरण एवं सुविधाएं उन्हें निशुल्क प्राप्त होंगी।

अविनाश भटनागर ने आशा व्यक्त की कि लक्ष्य राणा भविष्य में मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। गौरतलब है कि लक्ष्य राणा के पिताजी शैलेंद्र राणा भी इसी दर्पण हाकी मैदान से निकलकर राष्ट्रीय खिलाड़ी का सफर तय किया और वर्तमान में खेलकोटे के तहत मुंबई में भारतीय रेलवे में उप मुख्य टिकट कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

लक्ष्य राणा के चयन पर जिला खेल अधिकारी अरविंद सिंह राणा, विवेक पिसाल, ओमी पांडेय, वीरेंद्र भदौरिया, महेश पंडोरिया, दिलशाद खान, मनोज परिहार, निक्की कौशल, अर्जुन शर्मा, विक्रम सिंह, रितु अनामिका तिर्की, ममता सिंह, रईस कुरैशी, पुष्पेंद्र सिंह आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स