‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान बेटियों को हॉकी से जोड़ने की अनूठी पहल

अविनाश भटनागर ने थाटीपुर कन्या विद्यालय की छात्राओं को बताया हॉकी में सुनहरा भविष्य

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। हॉकी को नई पीढ़ी से जोड़ने और युवा प्रतिभाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ग्वालियर में ‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान चलाया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक एवं एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर इस अभियान के माध्यम से विशेष रूप से नवोदित बालिकाओं को हॉकी से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान के तहत दर्पण मैदान के समीप स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, थाटीपुर की छात्राओं को हॉकी के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने छात्राओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण तथा ग्वालियर स्थित राज्य महिला हॉकी अकादमी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से हॉकी को अपनाने और अपनी प्रतिभा को खेल के माध्यम से आगे ले जाने का आह्वान किया।

भटनागर ने छात्राओं को दर्पण हॉकी फीडर सेंटर से निकली उन प्रतिभाओं की उपलब्धियों से भी परिचित कराया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर, मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इशिका चौधरी, करिश्मा यादव, नीरज राणा और नेहा सिंह सहित अंकित पाल, अर्जुन शर्मा, निक्की कौशल और मोहित पाठक की खेल उपलब्धियों की जानकारी छात्राओं को दी गई।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर में हॉकी की मजबूत परम्परा रही है और जरूरत इस बात की है कि नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियां, बड़ी संख्या में हॉकी से जुड़ें। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजीव बंथरिया, संगीता सक्सेना तथा व्यायाम शिक्षक शिवपाल पटेरिया उपस्थित रहे। विद्यालय की छात्राओं ने हॉकी के प्रशिक्षण और खेल में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

रिलेटेड पोस्ट्स