कानपुर के चार तीरंदाजों का एसजीएफआई के लिए चयन
वैभव गौड़ की देखरेख में होनहार तीरंदाजों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
कानपुर। कोलकाता के द हेरिटेज स्कूल में 23 से 25 सितम्बर तक आयोजित सीआईएससीई की नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप-2026 में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने के साथ दो स्पर्धाओं में चौथा स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि कानपुर के चार खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए हुआ है।
अंडर-14 इंडियन राउंड में जय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और सीआईएससीई के लिए चयनित हुए। वहीं अंडर-17 वर्ग में विदुराज केसरवानी ने कांस्य पदक जीतकर सीआईएससीई में अपनी जगह पक्की की।
सूर्यांश गुप्ता ने अंडर-17 इंडियन राउंड में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि अंश ने अंडर-14 कंपाउंड राउंड में चौथा स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों का भी सीआईएससीई के लिए चयन हुआ है। इस तरह जय कुमार, विदुराज केसरवानी, सूर्यांश गुप्ता और अंश दिसम्बर 2026 में अमरावती में होने वाली सीआईएससीई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
कानपुर के खिलाड़ियों की इस सफलता में उनके कोच वैभव गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तर प्रदेश टीम की तैयारियों से लेकर प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और देखरेख तक उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी निगरानी में खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के खाते में पदक जोड़े।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भरत अवस्थी ने चारों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कोच वैभव गौड़ को भी विशेष रूप से बधाई दी। कानपुर ओलम्पिक संघ की ओर से भी खिलाड़ियों और कोच को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं क्रीड़ा भारती की डॉ. सुलोचना दीक्षित ने खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई देते हुए आगामी सीआईएससीई प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर संदीप कुमार पासवान सहित जिला तीरंदाजी संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। चार खिलाड़ियों के सीआईएससीई के लिए चयन और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने से कानपुर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। संघ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि चारों खिलाड़ी दिसम्बर में अमरावती में होने वाली सीआईएससीई प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए कानपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
