मुरैना की हॉकी बेटी कृष्णा ने एशिया कप में फहराया परचम, दागे पांच गोल

मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ने दी चम्बल की शेरनी को ऊंची उड़ान

ग्वालियर की डे-बोर्डिंग से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर शानदार

खेलपथ संवाद

मुरैना। चम्बल की माटी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है तो बस उन्हें पहचानने वाली नजर, तराशने वाले गुरु और सपनों को उड़ान देने वाले मंच की। मुरैना के अम्बाह क्षेत्र के पैतृक गांव बरवाई की बेटी कृष्णा शर्मा इसकी जीवंत मिसाल बनकर सामने आई हैं। इस बेटी के सपनों को उड़ान जिला खेल परिसर कम्पू, ग्वालियर में संचालित राज्य महिला हॉकी एकेडमी की डे-बोर्डिंग से मिली।

इसी डे-बोर्डिंग में कौशल निखारती बेटी कृष्णा पर तब एकेडमी के तत्कालीन मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार की नजर पड़ी थी। उन्होंने उसी दिन मान लिया था कि यह बेटी हॉकी में बहुत दूर जाएगी। जौहरी का अंदाजा सही निकला और अब वही कृष्णा महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए पाँच गोल दागकर सबकी आंखों का नूर बन गई।

भारत की खिताबी जीत में कृष्णा बेटी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एशिया कप की इस सफलता के बाद जब कृष्णा अपने गृह जनपद मुरैना पहुंचीं तो उनका भव्य स्वागत हुआ और सम्मान में विशाल रैली निकाली गई। चम्बल ने अपनी इस बेटी को सिर-आंखों पर बिठाकर यह संदेश दिया कि देश का मान बढ़ाने वाली बेटियों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।

कृष्णा की इस अंतरराष्ट्रीय पहचान के पीछे एक ऐसी कहानी भी है जिसे सामने लाना जरूरी है। कृष्णा के खेल कौशल को सबसे पहले परखने और उसे आगे बढ़ाने का श्रेय परमजीत सिंह बरार को जाता है। किसी खिलाड़ी के जीवन में ऐसे गुरु का मिलना बहुत मायने रखता है, जो केवल खिलाड़ी को खेलते हुए न देखे, बल्कि उसके भीतर छिपी सम्भावनाओं को भी पहचान सके।

कृष्णा की प्रतिभा को पहचानना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना इसी दूरदृष्टि का परिणाम है। आज जब वही बेटी अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत के लिए गोल कर रही है, तब यह सवाल स्वाभाविक रूप से सामने आता है कि अगर प्रतिभा को उस समय पहचान नहीं मिलती तो क्या कृष्णा का सपना इतनी दूर तक पहुंच पाता? यही कारण है कि कृष्णा की सफलता में उनके परिवार और मेहनत के साथ-साथ परमजीत सिंह बरार की प्रतिभा-पहचान को भी याद किया जाना चाहिए।

मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी बनी सपनों की पाठशाला

कृष्णा शर्मा को अपने खेल को निखारने का अवसर मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में मिला। यह अकादमी आज महिला हॉकी की प्रतिभाओं को तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। इस अकादमी से देश को सौ से अधिक महिला हॉकी खिलाड़ी मिल चुकी हैं। यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं है। इसके पीछे उन बेटियों की मेहनत, प्रशिक्षकों का समर्पण और उस व्यवस्था की कहानी है जिसने गांव-कस्बों से निकलने वाली लड़कियों को बड़े मैदानों तक पहुंचने का अवसर दिया। कृष्णा भी इसी परम्परा की नई कड़ी हैं। परमजीत सिंह बरार ने प्रतिभा को पहचाना, मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ने उसे तराशा, कृष्णा ने अपनी मेहनत से उसे उपलब्धि में बदला और आज तिरंगा पूरे देश के सामने गर्व से लहरा रहा है।

हम आपको बता दें कि भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने हाल ही में चीन के मोकी में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार यह महाद्वीपीय खिताब अपने नाम किया। टीम की कप्तानी मिडफील्डर खाइदेम शिलेइमा चानू के हाथों थी, जोकि मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी की ही सदस्य हैं। होनहार हॉकी बेटियों की सफलता से मध्य प्रदेश की पूर्व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया काफी खुश हैं। खुश होना भी चाहिए उन्होंने मध्य प्रदेश में हॉकी को नया जीवन जो दिया है।

कृष्णा केवल एक खिलाड़ी नहीं, एक संदेश है

कृष्णा शर्मा की कहानी मुरैना की उन बेटियों के लिए बड़ा संदेश है जो खेलना चाहती हैं। यह कहानी बताती है कि गांव की बेटी भी अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मैदान तक पहुंच सकती है। जरूरत केवल इतनी है कि परिवार बेटियों पर विश्वास करे, विद्यालय खेल के लिए मैदान उपलब्ध कराएं, प्रतिभा पहचानने वाले प्रशिक्षक आगे आएं और खेल अकादमियां उन्हें वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने का काम करें।

कृष्णा की उपलब्धि को केवल पाँच गोलों के रूप में देखना इस कहानी को छोटा करना होगा। उनके पाँच गोलों में मुरैना की मिट्टी, बरवाई के संस्कार, परिवार का भरोसा, परमजीत सिंह बरार की पारखी नजर और मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी की मेहनत शामिल है। आज कृष्णा ने एशिया में तिरंगा फहराया है। कल उनकी सफलता से प्रेरित होकर चम्बल की अनेक बेटियां हॉकी स्टिक उठाएंगी। और शायद यही किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी जीत होती है। वह स्वयं आगे बढ़े और अपने पीछे आने वाली पीढ़ी के लिए रास्ता बना दे। खेलपथ का संदेश- कृष्णा, तुम्हारी हॉकी की हर स्ट्रोक में चम्बल की ताकत है। तुम्हारे हर गोल में भारत का गौरव है। तिरंगा यूं ही ऊंचा रखो बेटी- देश तुम्हें सलाम करता है।

रिलेटेड पोस्ट्स