खेलों में नारी शक्ति की संवेदनशीलता और विश्वसनीयता पर उठते सवाल
खेल के मैदान में बेटियों की आवाज को न्याय भी चाहिए, निष्पक्ष जांच भी
खेलपथ–शब्द सहयात्री
आगरा। खेल का मैदान प्रतिभा, अनुशासन, संघर्ष और सम्मान की पहचान है। जब इसी मैदान से किसी महिला खिलाड़ी या प्रशिक्षक के उत्पीड़न की शिकायत सामने आती है, तो मामला केवल एक व्यक्ति या एक संस्था का नहीं रह जाता- यह पूरे खेल तंत्र की संवेदनशीलता और विश्वसनीयता का प्रश्न बन जाता है।
आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और पदाधिकारी असुंता लकड़ा से जुड़े आरोपों ने खेल जगत को गंभीर चिंता में डाल दिया है। सार्वजनिक रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने हॉकी प्रशासन के एक वरिष्ठ पदाधिकारी पर धमकी और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच के लिए भारतीय ओलम्पिक संघ ने स्वतंत्र समिति गठित की है। इसी तरह कबड्डी प्रशिक्षक शशि प्रभा की ओर से खेल अधिकारी के विरुद्ध आयोग में शिकायत किए जाने की बात भी खेल व्यवस्था के सामने एक गंभीर सवाल रखती है।
यहां एक बात बहुत स्पष्ट होनी चाहिए- हर शिकायत को दबा देना अन्याय है, लेकिन हर आरोप को जांच से पहले अंतिम सत्य मान लेना भी न्याय नहीं है। महिला खिलाड़ी या प्रशिक्षक जब किसी अधिकारी के खिलाफ आवाज उठाती हैं तो उनकी बात को केवल इसलिए खारिज नहीं किया जाना चाहिए कि सामने वाला प्रभावशाली पद पर है। दूसरी ओर, जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है, उसे भी निष्पक्ष जांच और अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। यही वास्तविक न्याय की पहली शर्त है।
खेल में महिला उत्पीड़न के आरोपों की जांच ऐसी व्यवस्था से होनी चाहिए जिस पर शिकायतकर्ता और आरोपित-दोनों विश्वास कर सकें। जांच में संबंधित दस्तावेज, संदेश, गवाह, घटनाक्रम और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को देखा जाए। व्यक्तिगत संबंधों, पद की ताकत या संस्थागत दबाव को जांच की दिशा निर्धारित नहीं करने दिया जाना चाहिए। सबसे बड़ी चिंता तब पैदा होती है जब शिकायत करने वाली खिलाड़ी को ही अपनी आवाज उठाने की कीमत चुकाने का भय महसूस हो। खेल में ऐसा वातावरण होना चाहिए जिसमें कोई बेटी अपनी परेशानी बताने से डरे नहीं और किसी अधिकारी को यह भय न हो कि बिना जांच के उसे दोषी ठहरा दिया जाएगा।
हमें महिला की आवाज भी बचानी है और न्याय की निष्पक्षता भी
चार दशक से खेल पत्रकारिता को नजदीक से देखने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए यह विषय इसलिए और अधिक पीड़ादायक है कि खेल का मूल चरित्र ही निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा है। मैदान पर खिलाड़ी को उसके प्रदर्शन के आधार पर अवसर मिलता है; उसी भावना को खेल प्रशासन में भी उतरना चाहिए। इसलिए असुंता लकड़ा हों, शशि प्रभा हों या कोई और खिलाड़ी, प्रशिक्षक अथवा खेलकर्मी- शिकायत की गंभीरता का सम्मान हो, शिकायतकर्ता की सुरक्षा सुनिश्चित हो और जांच निष्पक्ष हो।
न तो किसी प्रभावशाली व्यक्ति के पद के कारण शिकायत कमजोर मानी जाए, न किसी खिलाड़ी की प्रतिष्ठा के कारण आरोप स्वतः सिद्ध मान लिया जाए। सच सामने आए- लेकिन जांच के रास्ते से। दोष सिद्ध हो तो कार्रवाई हो- और आरोप सिद्ध न हों तो किसी की प्रतिष्ठा भी अनावश्यक रूप से नष्ट न हो। खेल की असली जीत तभी होगी जब हमारी बेटियां मैदान में निडर होकर उतरें और उन्हें यह भरोसा हो कि उनकी आवाज सुनी जाएगी, उनकी शिकायत की निष्पक्ष जांच होगी और न्याय किसी पद, प्रभाव या पहचान का मोहताज नहीं होगा। खेलपथ–शब्द सहयात्री की यही अपेक्षा है- खेल में प्रतिभा का सम्मान हो, महिलाओं की गरिमा सुरक्षित हो और न्याय की कसौटी सबके लिए समान हो।
