दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के वंश और कुणाल का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
ग्वालियर संभाग की अंडर-17 हॉकी टीम में मिली जगह, हॉकी प्रेमियों ने दीं शुभकामनाएं
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर, ग्वालियर के दो उभरते हॉकी खिलाड़ियों वंश श्रीवास्तव और कुणाल चौधरी का 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता अंडर-17 के लिए ग्वालियर संभाग की हॉकी टीम में चयन हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 7 अक्टूबर तक सिवनी में किया जाएगा।
दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि वंश श्रीवास्तव और कुणाल चौधरी प्रतिभाशाली एवं मेहनती खिलाड़ी हैं। दोनों ने नियमित अभ्यास और बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर संभागीय टीम में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चयन दर्पण हॉकी फीडर सेंटर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए भी उत्साहवर्धक है।
अविनाश भटनागर ने ग्वालियर संभाग की टीम को भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संभाग की टीम अपने खेल कौशल और सामूहिक प्रदर्शन से बेहतर परिणाम हासिल करेगी। वंश श्रीवास्तव और कुणाल चौधरी के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर दर्पण हॉकी परिवार में भी खुशी का माहौल है।
वरिष्ठ सदस्यों विवेक पिसाल, वीरेंद्र भदौरिया, मनोज परिहार, रामनरेश गुर्जर, रईस कुरैशी, कौशल, दीपा शर्मा, विक्रम सिंह, रितु, अनामिका तिर्की, पुष्पेंद्र सिंह और अर्जुन शर्मा सहित अन्य खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर लगातार युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल का वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। वंश और कुणाल का राज्य स्तरीय टीम में चयन इसी प्रयास की एक और सुखद उपलब्धि है।
