सेवा संकल्प अभियान में गूंजा हॉकी का जुनून

दर्पण और छतरी बाजार हॉकी फीडर सेंटर संयुक्त विजेता

दर्पण स्टेडियम में एस्ट्रो टर्फ का संकल्प

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर, छतरी बाजार हॉकी फीडर सेंटर, खेलो इंडिया कम्पो सेंटर तथा सनशाइन स्पोर्ट्स क्लब की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दर्पण हॉकी फीडर सेंटर और छतरी बाजार हॉकी फीडर सेंटर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमों ने 2-2 गोल किए, जिससे मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा ग्वालियर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, कमल माखीजानी, धर्मेंद्र तोमर, जवाहर प्रजापति, राजू पल्लैया एवं मंडल अध्यक्ष शिव सिंह यादव, संयोजक भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रोहित शर्मा ने हॉकी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। अतिथियों ने दोनों विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया, जबकि प्रतियोगिता में शामिल चारों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इशिका चौधरी की माताजी का सम्मान

इस अवसर पर दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की खिलाड़ी रही अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और हाल ही में देश को 44 साल बाद एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक दिलाने वाली हॉकी चैम्पियन इशिका चौधरी की माताजी गायत्री चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर सहित प्रशिक्षक विवेक पिसाल, दिलशाद खान, राजू चौहान, संगीता दीक्षित एवं मेराजुद्दीन कुरैशी को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

दर्पण स्टेडियम में एस्ट्रो टर्फ का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर एवं खिलाड़ियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया के समक्ष दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रो टर्फ लगाए जाने की मांग रखी। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का कहना था कि ग्वालियर में हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।

इस पर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने सेवा संकल्प अभियान के मंच से संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में शीघ्र एस्ट्रो टर्फ लगाए जाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने मैदान के चारों ओर प्रकाश व्यवस्था कराने की दिशा में भी प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। खेल के माध्यम से राष्ट्र गौरव बढ़ाने और ग्वालियर की हॉकी परंपरा को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स