आशीष प्रताप सिंह राठौड़ बने महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी के अध्यक्ष
वार्षिक आम सभा में ग्वालियर में हॉकी को नई ऊंचाई देने का लिया संकल्प
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी, ग्वालियर की वार्षिक आम सभा की बैठक होटल लैंडमार्क में आयोजित हुई। बैठक में जिला योजना समिति के सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ को अकादमी का नया अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष पद के लिए श्री राठौड़ के नाम का प्रस्ताव मनोज परिहार ने रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी के विकास और ग्वालियर में हॉकी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
अकादमी के सचिव अविनाश भटनागर ने बताया कि महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी की स्थापना वर्ष 2000 में ग्वालियर में की गई थी। स्थापना के बाद से ही अकादमी हॉकी के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अकादमी के प्रयासों से अनेक खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के अध्यक्ष बनने से अकादमी को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। उनके नेतृत्व में ग्वालियर में हॉकी के विकास को और गति मिलने की उम्मीद है। अकादमी आने वाले समय में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ नई हॉकी प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। वार्षिक आम सभा की बैठक में श्याम श्रीवास्तव, कमल किशोर, अनुराग जैन, दिव्यांशी बघेल, मनोज परिहार, अर्जुन शर्मा, शुभी शर्मा और अंशु श्रीवास्तव सहित अकादमी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
