हॉकी स्टार इशिका के गांव पृथ्वीपुरा में भी खुशी का माहौल

बाबा विजय चौधरी और चाचा संतोष चौधरी ने की बिटिया की प्रशंसा

एशियन गेम्स में हॉकी टीम की उप कप्तान रहीं इशिका चौधरी

खेलपथ संवाद

इटावा। हॉकी स्टार इशिका चौधरी के ऐतिहासिक स्वर्णिम प्रदर्शन की ग्वालियर या मध्य प्रदेश ही नहीं इटावा स्थित उनके पैतृक गांव पृथ्वीपुरा में भी खूब चर्चा हो रही है। इशिका की मेहनत और सफलता से खुश बाबा विजय चौधरी और चाचा संतोष चौधरी कहते हैं कि यह हर भारतीय के लिए गौरव की बात है। 44 साल बाद बेटियां एशियाड चैम्पियन बनीं हैं।

एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचा। जापान में खेले गए एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत से हर हॉकीप्रेमी खुश है। उत्तर प्रदेश के इटावा के पृथ्वीपुरा गांव में भी जश्न का माहौल है। गांव वाले कहते हैं कि इशिका बिटिया ने गोल्ड जीता है। वह कहीं रहे उसने अपने शानदार खेल से देश और जिले का नाम रोशन किया है। इशिका की उपलब्धि से परिवार, गांव और इटावा जिला गर्व महसूस कर रहा है।

भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं इशिका चौधरी ने महज 11 साल की उम्र में हॉकी थाम ली थी। उसने हॉकी का ककहरा दर्पण मिनी स्टेडियम तो हॉकी की बुनियादी बारीकियों को मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में सीखा। इशिका ने साल 2017 में जूनियर महिला ऑस्ट्रेलियाई हॉकी लीग से अपने अंतरराष्ट्रीय जूनियर कॅरियर की शुरुआत की। 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित तीसरे यूथ ओलम्पिक खेलों में भारतीय टीम को रजत पदक दिलाने में अहम योगदान दिया।

साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित एफआईएच हॉकी महिला जूनियर वर्ल्ड कप में वह भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जहां भारत चौथे स्थान पर रहा। साल 2022 में ही सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए डेब्यू किया (एफआईएच प्रो लीग के दौरान)। इसके बाद से भारतीय डिफेंस लाइन की एक मजबूत रीढ़ बनकर उभरी हैं। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लॉस एंजिल्स ओलम्पिक 2028 के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है। इशिका की इस सफलता पर उनके गृहनगर ग्वालियर में भव्य स्वागत हुआ। हालांकि इटावा के पृथ्वीपुरा से जुड़ाव के कारण यहां भी खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार से जुड़े लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मना रहे हैं।

इशिका चौधरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव पृथ्वीपुरा में जबरदस्त उत्साह है। बाबा विजय चौधरी और चाचा संतोष चौधरी भी इशिका की मेहनत और लगन की जमकर सराहना कर रहे हैं। दोनों का कहना है कि इशिका ने भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव-देश का नाम रोशन किया है। इशिका की कामयाबी से दूसरी बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स