15 बेटियों ने थामा हॉकी का हाथ, ग्वालियर में जगे हॉकी के सपने

‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान का असर, 15 ने थामा हॉकी का दामन

दर्पण हॉकी फीडर सेंटर में नवोदित खिलाड़ियों का सम्मान, प्रशिक्षक ने दिखाया बड़ा सपना

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। हॉकी को नई पीढ़ी से जोड़ने और विशेष रूप से बालिकाओं को इस खेल की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर द्वारा फरवरी 2026 से चलाए जा रहे ‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। अभियान के माध्यम से अब तक 15 नई बालिका हॉकी खिलाड़ी दर्पण हॉकी फीडर सेंटर से जुड़ चुकी हैं और नियमित रूप से हॉकी की बारीकियां सीख रही हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटरों में शामिल दर्पण हॉकी फीडर सेंटर में इन नवोदित खिलाड़ियों को प्रशिक्षक अविनाश भटनागर द्वारा हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभियान के तहत बालिकाओं को हॉकी के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसरों और खेल में करियर की संभावनाओं से भी परिचित कराया जा रहा है।

अभियान के उत्साहवर्धक परिणामों को देखते हुए दर्पण हॉकी फीडर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में इन 15 नवोदित बालिका खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बालिकाओं के चेहरे पर खुशी और हॉकी में आगे बढ़ने का उत्साह साफ दिखाई दिया।

इस अवसर पर प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी बालिकाएं अपनी पूर्व प्रशिक्षणार्थी और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी को अपना आदर्श मानकर निरंतर अभ्यास करें। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के बल पर कोई भी खिलाड़ी अपने सपने को साकार कर सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि पहला लक्ष्य राज्य महिला हॉकी अकादमी में प्रवेश पाना होना चाहिए और इसके बाद भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का सपना देखना चाहिए।

‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान की यह पहल इस बात का प्रमाण है कि यदि बच्चों और विशेषकर बालिकाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो हॉकी को नई प्रतिभाएं मिल सकती हैं। ग्वालियर में शुरू हुआ यह प्रयास आने वाले समय में प्रदेश की महिला हॉकी को नई दिशा देने की उम्मीद जगाता है।

रिलेटेड पोस्ट्स