पैरा एशियन गेम्स में 166 भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगे अपना कौशल

पैरा शटलरों से उम्मीद, पिछले खेलों में बेटियों ने कराया था 100 का आंकड़ा पार

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने विवादों से घिरी चयन प्रक्रिया के बाद पैरा एशियाई खेलों के लिये 166 खिलाड़ियों को मंजूरी दी है जिसमें विवादित पैरा निशानेबाजी कोच जय प्रकाश नौटियाल को दल से हटा दिया गया है। जापान के आइची नागोया में 18 अक्टूबर से होने वाले खेलों के लिये नौटियाल की जगह जीवन एल राय को दल में जगह दी गई है।

जय प्रकाश नौटियाल पर चयन के बदले धन की मांग और स्थापित मानदंडों का पालन नहीं करने के आरोप लगाये गए हैं। कई निशानेबाजों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करके उनकी बर्खास्तगी और आरोपों की जांच की मांग की थी। उन्होंने खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भी मुलाकात करके अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं। इससे पहले पैरा एशियाई दल के विदाई समारोह के दौरान भी उन्होंने प्रदर्शन किया था।

94 टीम अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ और 15 दल स्टाफ के साथ भारत का 275 सदस्यीय दल 10 खेलों में भाग लेगा। इनमें 62 एथलेटिक्स में हैं जिनमें 46 पुरूष शामिल हैं। विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन भी टीम में हैं। उनके पूर्व गाइड उमर सैफी को डोपिंग के कारण बाहर कर दिया गया। अब उनके नये गाइड शिवम उनके साथ होंगे।

साइकिलिस्टों के प्रदर्शन के बावजूद मंत्रालय ने ऐन मौके पर कोई बदलाव नहीं किये हैं और पैरालम्पियन अरशद शेख को ही जगह दी गई है चूंकि टीम में चयन के दावेदारों में उनका प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ था। भारतीय साइकिलिंग महासंघ और भारतीय पैरालम्पिक समिति ने छह अन्य का चयन किया था लेकिन मानदंडों पर खरे नहीं उतरने के कारण उन्हें शामिल नहीं किया गया।

टेबल टेनिस में स्वीकृत नामों में पैरालम्पिक रजत पदक विजेता भाविना पटेल शामिल हैं। बैडमिंटन में 28 सदस्यीय दल को मंजूरी मिली है जिनमें दुनिया के पूर्व नम्बर एक और टोक्यो पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत और पैरालम्पिक रजत पदक विजेता सुहास यथिराज शामिल हैं। भुजाहीन पैरा तीरंदाज शीतल देवी पर भी नजरें होंगी जो पैरा एशियाड में दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनके साथ 18 वर्ष की पायल नाग भी भाग लेंगी जिन्होंने इस साल बैंकॉक में विश्व पैरा तीरंदाजी सीरिज में शीतल को हराया था। निशानेबाजी दल में पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल शामिल हैं। मोना ने हाल ही में कोरिया में विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई किया है।

जापान के आइची-नागोया पैरा एशियाई खेलों में भारत के लिए पदक की सबसे बड़ी उम्मीद वाले खेलों में बैडमिंटन भी शामिल है, जिसमें पिछली बार भी भारतीय पैरा शटलर्स ने चार स्वर्ण पदक जीते थे। लगातार चौथा पैरा एशियाड खेलने जा रहे अनुभवी पैरा शटलर प्रमोद भगत की अगुआई में भारत के सामने इस बार भी चीन और इंडोनेशिया की ही कड़ी चुनौती रहेगी। प्रमोद को भारतीय दल का पुरुष ध्वजवाहक भी चुना गया है। यह उपलब्धि निश्चित तौर पर उन्हें और पदक जीतने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय पैरा शटलर्स ने हांगझोऊ पैरा एशियाड में चार स्वर्ण पदक जीते थे। 10 स्वर्ण पदक के साथ चीन और पांच स्वर्ण के साथ इंडोनेशिया ही भारत से आगे थे। 

फिर पार होगा 100 पदक का आंकड़ा?

ग्वांगझू (चीन) 2010 से अब तक पैरा एशियाड के चार संस्करण हुए हैं, जिनमें भारत ने पदकों का जखीरा हर बार बढ़ाया है। पहले संस्करण में 14 पदक जीतकर 15वें स्थान पर रहे भारत ने हांगझोऊ 2022 पैरा एशियाड में रिकॉर्ड 111 पदक के साथ पांचवां स्थान पाया था। इस बार पदक संख्या और बढ़ाने का लक्ष्य रहेगा। 2026 पैरा एशियाड 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची नागोया में होंगे। इसमें  45 देशों के तीन हजार पैरा एथलीट भाग ले रहे हैं। कुल 18 खेल और 492 पदक इवेंट होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स