राज्यस्तरीय हॉकी के स्वर्ण पदक विजेता अनुभव और वंश सम्मानित
मॉडल कॉन्वेंट स्कूल ने दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की उपलब्धियों को सराहा
विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को भी किया गया सम्मानित
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। स्कूल शिक्षा विभाग की राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के खिलाड़ी अनुभव व्यास और वंश श्रीवास्तव को उनके प्रशिक्षक अविनाश भटनागर के साथ सम्मानित किया गया। मॉडल कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, दर्पण कॉलोनी में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय संचालक प्रताप सिंह एवं प्राचार्य ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय संचालक प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यालय के खिलाड़ियों की सफलता के पीछे हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर की मेहनत, लगन और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के खिलाड़ी लगातार अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास और अच्छे मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
प्रताप सिंह ने प्रशिक्षक अविनाश भटनागर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में एशियाई हॉकी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी इशिका चौधरी भी उनकी पूर्व प्रशिक्षणार्थी रही हैं। इशिका ने अपने प्रदर्शन से मध्य प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए खेलों के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत की प्रेरणा बना।
