दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने बहाया पसीना

फिजिकल फिटनेस के बाद आज शाम होगा खिलाड़ियों का स्किल टेस्ट
खेलपथ संवाद
ग्वालियर।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित दर्पण हॉकी फीडर सेंटर, ग्वालियर की वर्ष 2026-27 की चयन ट्रायल रविवार सुबह 6 बजे दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में शुरू हुई। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए जमकर पसीना बहाया।
मुख्य हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर के मार्गदर्शन में आयोजित ट्रायल में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी इम्तियाज खान के नेतृत्व वाली चयन समिति खिलाड़ियों की प्रतिभा और क्षमता का आकलन कर रही है। चयन समिति में वरिष्ठ राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक पिसाल, दिलशाद खान, मनोज परिहार, पुष्पेंद्र सिंह, निक्की कौशल, रईस कुरैशी, कुमारी रितु अनामिका तिर्की और विक्रम सिंह शामिल हैं। रईस कुरैशी और कुमारी रितु अनामिका तिर्की हॉकी अम्पायर भी हैं।
चयन प्रक्रिया के पहले चरण में खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस परखी गई। इसके अंतर्गत 600 मीटर दौड़, 30 मीटर स्प्रिंट, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, शटल रन, सिट-अप और सिट एंड रीच सहित विभिन्न परीक्षण लिए गए। इन परीक्षणों के माध्यम से खिलाड़ियों की गति, सहनशक्ति, फुर्ती और शारीरिक क्षमता का आकलन किया गया। चयन ट्रायल के अगले चरण में रविवार शाम 4 बजे से खिलाड़ियों का स्किल टेस्ट लिया जाएगा। इसमें हॉकी से संबंधित तकनीकी दक्षता और खेल कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा। शारीरिक फिटनेस और खेल कौशल के परीक्षणों के आधार पर खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन कर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

रिलेटेड पोस्ट्स