मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का उद्घाटन
27 अक्टूबर से सजेगा हॉकी का महाकुम्भ: जालंधर में जुटी टीमें
खेलपथ संवाद
जालंधर। खेलों की दुनिया में पंजाब एक नया इतिहास रचने जा रहा है। 27 अक्टूबर से जालंधर के बर्लटन पार्क स्थित सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब पंजाब सरकार, हॉकी इंडिया और हॉकी पंजाब के साझा प्रयासों से राज्य में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर पंजाब के खेलप्रेमियों और हॉकी प्रशंसकों में खासा उत्साह है। टूर्नामेंट के लिए सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम को नया रूप देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया गया है।
हॉकी पंजाब के जनरल सेक्रेटरी अमरीक सिंह पंवार ने कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाली पीढ़ी और उभरते हॉकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगा। विभिन्न देशों की टीमों का जालंधर पहुंचना शुरू हो गया है। जापान की पुरुष हॉकी टीम यहां पहुंचकर अभ्यास में जुट गई है, जबकि मलेशिया सहित अन्य टीमों के भी पहुंचने का सिलसिला जारी है। खुद हॉकी खिलाड़ी रहे अमरीक सिंह पंवार ने कहा कि जिस धरती पर हमारे खिलाड़ी पले-बढ़े, उसी मिट्टी पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मुकाबला करते देखना सपने के सच होने जैसा है।
जालंधर पहुंची जापान की टीम का पारम्परिक पंजाबी अंदाज में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। टीम के कार्यवाहक मुख्य कोच योशीहिरो अनाई ने पंजाब सरकार और स्थानीय लोगों के गर्मजोशी भरे आतिथ्य-सत्कार की सराहना की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर हुए स्वागत ने पूरी टीम का दिल जीत लिया।
