पिकलबॉल में चमके अजय गुप्ता, युगल खिताब के साथ एकल में उपविजेता
मध्य प्रदेश पिकलबॉल लीग के तीसरे लेग में शानदार प्रदर्शन, मनोज आहूजा के साथ जीता खिताब
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। हरफनमौला खिलाड़ी अजय गुप्ता ने मध्य प्रदेश पिकलबॉल लीग (एमपीपीएल) के तीसरे लेग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी सफलता हासिल की। उन्होंने पचास वर्ष से अधिक आयु वर्ग की युगल स्पर्धा में अपने जोड़ीदार मनोज आहूजा के साथ खिताब जीता, जबकि एकल वर्ग में उपविजेता रहे।
जीवाजी क्लब, ग्वालियर में रविवार को दूधिया रोशनी में खेले गए युगल के खिताबी मुकाबले में अजय गुप्ता और मनोज आहूजा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। दोनों ने अजय सांखला और दीपक की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 15-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। एकल वर्ग के लीग मुकाबलों में भी अजय ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन मैच जीते और उपविजेता स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में एमपीपीएल के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूर्यांश यादव तथा प्रबंध निदेशक मुक्ता सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जीवाजी क्लब के कोषाध्यक्ष संजय नीखरा, खेल सचिव रमन झाम और पिकलबॉल कोर्ट प्रभारी गगन भल्ला भी मौजूद रहे।
कुल 18 लाख रुपये की इनामी राशि वाली मध्य प्रदेश पिकलबॉल लीग चार चरणों में आयोजित की जा रही है। इसका पहला लेग इंदौर, दूसरा भोपाल और तीसरा ग्वालियर में हुआ है। चौथा लेग इंदौर में आयोजित किया जाएगा। चारों लेग के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य नीलामी के लिए चयनित किया जाएगा। ग्वालियर में आयोजित तीसरे लेग में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 80 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी ने भी प्रतियोगिता को आकर्षक बनाया।
