‘फिर दिल दो हॉकी को’: नई पीढ़ी थामेगी स्टिक, आगे बढ़ेगी ग्वालियर की विरासत
आर.के.वी.एम. विद्यालय में प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
छात्र-छात्राओं को निःशुल्क प्रशिक्षण और खेल अकादमियों की दी विस्तार से जानकारी
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। नई पीढ़ी को हॉकी से जोड़ने और नवोदित प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘फिर दिल दो हॉकी को’ अभियान के तहत आर.के.वी.एम. विद्यालय में विद्यार्थियों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया गया। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल उपकरणों और हॉकी के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी दी।
दर्पण मैदान के समीप स्थित विद्यालय की प्रार्थना सभा में भटनागर ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से ग्वालियर में निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने ग्वालियर स्थित राज्य महिला हॉकी अकादमी तथा भोपाल स्थित राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान किया।
भटनागर ने कहा कि ग्वालियर की हॉकी परम्परा गौरवशाली रही है। इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि नई पीढ़ी मैदान से जुड़े। विशेष रूप से बेटियों को अधिक संख्या में हॉकी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। सही प्रशिक्षण, निरंतर मेहनत और उचित अवसर मिलने पर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने दर्पण हॉकी फीडर सेंटर से जुड़े खिलाड़ियों की उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया। इशिका चौधरी, करिश्मा यादव, अंकित पाल, अर्जुन शर्मा, नीरज राणा, नेहा सिंह, निक्की कौशल, दीपा शर्मा और मोहित पाठक की खेल यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इन प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत से ग्वालियर और मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर मैदान में उतरने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का संदेश दिया।
इससे पहले विद्यालय के प्राचार्य स्वामी कृष्ण मित्रानंद ने अविनाश भटनागर का स्वागत किया। उन्होंने हॉकी प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर खेलों में आगे बढ़ सकते हैं तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
